फिर बिगड़ी हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की सेहत, ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखे गए

अनिल विज हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में भी शामिल नहीं हो पाए। शनिवार को अंबाला में लगाए जाने वाले जनता दरबार को रद्द कर दिया गया है।;

Update: 2021-08-20 10:10 GMT

हरिभूमि न्यूज. अंबाला

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज की शुक्रवार को तबीयत खराब हो गई। इस कारण गृहमंत्री अनिल विज शुक्रवार को विधानसभा सत्र में शामिल नहीं हो पाए। घर में टेलीविजन पर ही उन्होंने सत्र की पूरी कार्रवाई देखी। ऑक्सीजन लेवल कम होने की वजह से चिकित्सकों ने उन्हें घर पर ही आराम करने की सलाह दी है। उधर विज के अस्वस्थ होने के कारण शनिवार को प्रस्तावित जनता दरबार भी स्थगित कर दिया गया है।

दरअसल गृह एवं शहरी निकाय मंत्री अनिल विज पहले कोरोना से ग्रस्त हो गए थे। इसकी वजह से उनका ऑक्सीजन लेवल भी कम हो गया था। कोरोना को मात देने के बाद वे पूरी तरह से स्वस्थ हो गए थे। पर बीते रोज उनकी तबीयत फिर अचानक बिगड़ गई। तब उनका ऑक्सीजन लेवल कम हो गया था। ऑक्सीजन लेवल में गिरावट न आए इसी वजह से अब चिकित्सकों ने उन्हें घर पर रहकर ही पूरी तरह से आराम करने की सलाह दी है। चिकित्सकों की सलाह पर शुक्रवार को अनिल विज विधानसभा की कार्रवाई में हस्सिा नहीं ले पाए। टेलीविजन पर ही उन्होंने पूरी कार्रवाई लाइव देखी।

जनता दरबार भी स्थगित

स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के अचानक अस्वस्थ होने के कारण शनिवार को प्रस्तावित जनता दरबार स्थगित कर दिया गया है। विज के मीडिया कॉऑर्डीनेटर विजेंद्र चौहान ने बताया कि जनता दरबार की पूरी तैयारियां हो चुकी थी। मगर विज साहब की तबीयत अचानक खराब हो गई। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। इसी वजह से जनता दरबार स्थगित करना पड़ा। बता दें कि जनता दरबार में प्रदेश भर से हर सप्ताह हजारों लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचते हैं। इसके लिए रेस्ट हाउस में विशेष बंदोबस्त किए जाते हैं।

Tags:    

Similar News