कनाडा भेजने के नाम पर महिला ने अपने साथी के साथ मिलकर युवक से हड़पे 11लाख रुपये
पुलिस ने पीडि़त की मां की शिकायत पर आरोपित महिला व उसके साथी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर लिया।;
हरिभूमि न्यूज. यमुनानगर
कनाडा भेजने के नाम पर महिला ने अपने साथी के साथ मिलकर युवक से ग्यारह लाख रुपये लेकर हड़प लिए। पुलिस ने पीडि़त की मां की शिकायत पर आरोपित महिला व उसके साथी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खेड़ा पावर हाउस निवासी अंग्रेजों देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी सुमन देवी के साथ जान पहचान थी। वर्ष 2019 में एक दिन सुमन देवी उनके घर पर आई और उसे कहने लगी कि उसका पति व बेटा विदेश गए हुए हैं। वह वहां पर अच्छा पैसा कमा रहे हैं। वह भी अपने लड़के जतिन को विदेश भेज दे। वहां जाकर उसका लड़का भी अच्छे पैसे कमाने लगेगा और उसका लड़का उसे भी वहीं बुला लेगा। वह आरोपित की बातों में आ गई। आरोपित सुमन देवी ने अपने एक अन्य साथी निरवैर सिंह से मिलवाया। आरोपितों ने उसे कहा कि वह उसके लड़के जतिन को कनाडा भेज देंगे। इसके लिए 13 लाख रुपये का खर्च आएगा। वह आरोपितों के झांसे में आ गई और उसने अपने बेटे को कनाडा भेजने के लिए 9 सितंबर 2019 को आरोपितों को दो लाख रुपये और दस्तावेज दे दिए। इसके बाद आरोपितों ने कई बार में उससे 11 लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि वादे के मुताबिक आरोपितों ने उसके बेटे को कनाडा नहीं भेजा। उसने आरोपितों के पास जाकर विरोध जताया और पैसा वापस किए जाने की मांग की। पैसे वापस मांगने पर आरोपितों ने उसे डरा धमका कर और जातिसूचक शब्द बोलकर मौके से भगा दिया। परेशान होकर उसने आरोपितों के खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस ने आरोपित निरवैर सिंह व सुमन देवी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।