International Gita Mahotsav 2022 : ब्रह्मसरोवर पर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का होगा भव्य आयोजन, नेपाल कंट्री पार्टनर एवं मध्यप्रदेश पार्टनर राज्य

ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग पर मध्यप्रदेश सरकार द्वारा पैवेलियन लगाया जा रहा है, जिसमें उनकी संस्कृृति, शिल्प, खान-पान इत्यादि से सम्बन्धित स्टॉल आकर्षण का केन्द्र रहेंगे।;

Update: 2022-11-15 12:26 GMT

कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में महज 3 दिन शेष है, इसके लिए जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। महोत्सव 19 नवंबर को ब्रह्मसरोवर पर शुरू होगा और छह दिसंबर तक चलेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा 29 नवम्बर को ब्रह्म सरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन से मुख्य कार्यक्रमों का विधिवत शुभारम्भ किया जाएगा। महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 29 नवंबर से चार दिसंबर तक होंगे। चार दिसंबर को दीपदान के साथ मुख्य कार्यक्रमों का समापन होगा। सरस और शिल्प मेला छह दिसंबर तक चलेगा।

अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रमों का आगाज 18 नवंबर से गीता रन (दौड़) के साथ किया जाएगा। कोरोना महामारी के बाद अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2022 का आयोजन भव्य तरीके से किया जाएगा। महोत्सव को लेकर ब्रह्मसरोवर का कायाकल्प किया गया है तो वहीं आसपास के क्षेत्र को भी खूबसूरत बनाने के लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। ब्रह्मसरोवर परिसर व आसपास के क्षेत्र में रंग बिंरगी लाइंटें लगाई जा रही है। ब्रह्मसरोवर पर लगी ग्रिल से लेकर सदरियों की भी रंगाई-पुताई की जा रही तो वहीं सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन स्थलों का भी सुंदरीकरण किया जा रहा है। इस बार अन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव- 2022 में नेपाल पार्टनर देश एवं मध्यप्रदेश पार्टनर राज्य की भूमिका में रहेंगे। ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग पर मध्यप्रदेश सरकार द्वारा पैवेलियन लगाया जा रहा है, जिसमें उनकी संस्कृृति, शिल्प, खान-पान इत्यादि से सम्बन्धित स्टॉल आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 में 19 नवंबर से 27 नवंबर तक संत मुरारी बापू द्वारा ब्रह्म सरोवर पर श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा।

शिल्प व सरस मेले की लगाई जाने लगी स्टॉल

ब्रह्मसरोवर तट पर अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के चलते क्राफ्ट और सरस मेले का आयोजन 19 नवंबर से छह दिसंबर तक किया जाएगा और इस महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 29 नवंबर से चार दिसंबर तक आयोजित किए जाएंगे। इतना ही नहीं प्रदेश सरकार की तरफ से प्रदेश के प्रत्येक जिले में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव को लेकर तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उधर बताया जा रहा है कि स्टॉल लगाने के लिए करीब 1200 शिल्पकार देशभर से आएंगे, जिनके लिए अभी से ब्रह्मसरोवर पर तैयारी शुरू कर दी गई है।

18 हजार विद्यार्थी होंगे वैश्विक गीता पाठ में शामिल

गीता जयंती के दिन 4 दिसम्बर को थीम पार्क में 18 हजार विद्यार्थियों द्वारा वैश्विक गीता पाठ किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेशभर से 75 हजार विद्यार्थी तथा देश-विदेश से लाखों गीता प्रेमी एवं श्रद्धालु ऑनलाईन माध्यम से जुड़ेंगे। वही 3 दिसम्बर को महोत्सव के दौरान पुरुषोत्तमपुरा बाग में सन्त सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें देश के प्रख्यात सन्त मिलकर गीता एवं अध्यात्म विषय पर चर्चा करेंगे।

Tags:    

Similar News