Jind : लापता व्यक्ति का शव बाइक समेत तालाब से मिला, मां बोली- योजनाबद्ध तरीके से मार डाला
हरियाणा के जींद जिले में 6 जनवरी को युवक गायब हो गया था। बाद में उसका शव तालाब में मिला। किसी को संदेह न हो, जिसके चलते उसकी बाइक व अन्य सामान को भी तालाब में डाला गया था। मृतक की मां ने जताई हत्या की आशंका।;
हरिभूमि न्यूज. जींद: गांव अलेवा तालाब में मृतक मिले गायब व्यक्ति की हत्या की गई थी। शव को खुर्द बुर्द करने की नीयत से तालाब में डाला गया था। किसी को संदेह न हो, जिसके चलते उसकी बाइक व अन्य सामान को भी तालाब में डाला गया था। हालांकि परिजनों ने किसी पर हत्या का संदेह नहीं जताया। पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या तथा शव को खुर्दबुर्द करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छह जनवरी शाम को गायब हुआ था व्यक्ति, तालाब से मिला था शव
गांव अलेवा निवासी दिनेश (36) गत छह जनवरी शाम को घर से गायब हुआ था। नौ जनवरी को पुलिस ने दिनेश की मां संतोष की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ बंधक बनाने का मामला दर्ज किया था। बुधवार शाम को दिनेश का शव गांव के ही तालाब से बरामद हुआ था। मृतक के माथे पर चोट का निशान था। पुलिस ने मृतक की मां संतोष की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या तथा शव को खुर्द बुर्द करने का मामला दर्ज किया है।
इत्तफाकिया नहीं की गई हत्या, नजदीकी संदेह के दायरे में
दिनेश की मौत इत्तफाकिया नहीं बल्कि योजनाबद्ध तरीके से की गई हत्या है। मृतक की जेब में मोबाइल के अलावा कुछ रुपये व अन्य सामान सही सलामत पाया गया। शव के साथ ही उसकी बाइक भी पड़ी पाई गई। ऐसा कुछ भी दिखाई नहीं दिया कि दिनेश हादसे का शिकार हुआ हो। दिनेश के शव को नजदीकी लोगों ने देखा। हालांकि परिजनों द्वारा किसी से कोई रंजिश नहीं बताई गई लेकिन हत्या किसी नजदीकी की तरफ इशारा कर रही है।
अलेवा थाना प्रभारी बीरबल ने बताया कि व्यक्ति की हत्या कर शव को खुर्द बुर्द करने की नीयत से तालाब में डाला गया है। फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।