रोहतक में किसानों पर लाठीजार्च : विरोध में किसानों ने कई जगह लगाया जाम, देखें तस्वीरें
जींद में गांव कंडेला के किसानों ने जींद-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर और गांव रामराये के किसानों ने हांसी-जींद मार्ग पर जाम लगा दिया।;
हरिभूमि न्यूज. जींद
रोहतक में किसानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदेश में किसानों ने कई जगह जाम लगाया। जींद में गांव कंडेला के किसानों ने जींद-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर गांव रामराये के किसानों ने हांसी-जींद मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना पाकर डीएसपी साधुराम, सदर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। किसान नहीं माने तो रास्तों को डायवर्ट कर दिया गया। वहीं नौगामा खाप के किसान जींद-हांसी मार्ग पर आ गए और गांव रामराये बस अड्डा पर जाम लगा दिया। जींद में ही गांव नंगुरा व अलेवा चौक पर और जींद कैथल मार्ग के अलावा जींद असंध मार्ग पर जाम लगाया गया।
जींद बरवाला मार्ग पर गांव इंटल कला में भी किसानों ने जाम लगाया। जींद- नगुंरा लिंक मार्ग पर गांव खोखरी और डालमवाला में भी जाम लगाया गया। गांव दनौदा कलां में हिसार चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर जाम लगाया गया। किसानों का कहना था कि तीन कृषि कानून का किसान शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे हैं। किसानों की मांगे पूरी न किए जाने पर किसानों द्वारा सतारूढ गठबंधन सरकार के नुमाइंदों का सार्वजनिक कार्यक्रमों का विरोध करने का फैसला लिया गया है।
जींद-कैथल मार्ग पर जाम लगाते हुए गांव कंडेला के किसान।
फतेहाबाद में सांसद के पहुंचने का विरोध
शनिवार को फतेहाबाद में भी भाजपा सांसद सुनीता दुग्गल के पहुंचने की सूचना पर जिलेभर से पहुंचे काफी संख्या में किसानों ने भाजपा के भूना रोड स्थित जिला कार्यालय का घेराव कर लिया और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर पहुंचे किसानाें ने सांसद सुनीता दुग्गल और फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम के खिलाफ प्रदर्शन किया और बैठक में पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं को काले झंडे दिखाए गए। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए भाजपा कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। डीएसपी स्वयं मौके पर मौजूद रहे।
फतेहाबाद में भाजपा कार्यालय के बाहर काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन करते किसान।
किसानों ने जलाया सरकार का पुतला
बहादुरगढ़। राजस्थान में किसान नेता राकेश टिकैत पर हुए हमले से आंदोलनकारी किसान आहत हैं। इस घटना से नाराज किसानों ने शनिवार को सरकार के पुतले की शवयात्रा निकाली और टीकरी बॉर्डर पर दहन कर जमकर नारेबाजी की। दोपहर बाद हुए इस प्रदर्शन में बड़ी तादाद में किसान शामिल हुए। किसान नेता जोगेंद्र ने इस प्रदर्शन की अगुवाई की। किसानों ने कहा कि सरकार जबरन ये काले कानून थोप रही है। इसी वजह से किसान आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन करना हमारा अधिकार है, लेकिन सरकार को ये भी रास नहीं आ रहा। तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर किसानों को परेशान किया जा रहा है। जो किसानों की आवाज उठाता है, उसे भी सताया जा रहा है।
रामायण टोल पर दिल्ली हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाते किसान।
रामायण टोल पर दिल्ली हिसार नेशनल हाईवे पर लगाया जाम
रोहतक में पुलिस द्वारा किसानों पर लाठीचार्ज के विरोध में रामायण टोल पर आंदोलकारी किसानों ने शाम 7 बजे दिल्ली हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। जिस वजह से दिल्ली व हिसार की ओर जाने वाले काफी वाहन जाम में फंस गए और हाइवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। हिसार में ही गांव धीरणवास में गुरुकुल के आगे बालसमंद - भादरा जीटी रोड़ पर और उकलाना के सुरेवाला चौक पर जाम लगाया गया।