पुर्तगाल में किक बॉक्सिंग का दम दिखाएगी मधु
पुर्तगाल में 18 से 29 नवंबर तक किक बॉक्सिंग की सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। दुनियाभर के खिलाड़ी इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।;
हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़। झज्जर जिले के गांव देवरखाना की कुमारी मधु पुर्तगाल में किक बॉक्सिंग का दम दिखाएगी। मधु वर्ल्ड चैंपियनशिप खेलने के लिए पुर्तगाल रवाना हो गई है। रवाना होने से पूर्व मधु ने खेल प्रेमियों को देश के लिए पदक जीतने का भरोसा दिलाया। खेल प्रेमियों को मधु से वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण की उम्मीदें हैं।
दरअसल, पुर्तगाल में 18 से 29 नवंबर तक किक बॉक्सिंग की सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। दुनियाभर के खिलाड़ी इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। झज्जर जिले के गांव देवरखाना की बेटी कुमारी मधु इस चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। मधु 60 केजी वर्ग में दमखम दिखाएगी। मूलत: गांव देवरखाना की निवासी मधु पिछले कई वर्षों से कोच जसवंत की देखरेख में अभ्यास कर रही है। बेहद ही होनहार खिलाड़ी है। पिछले साल इटली में हुई जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश के लिए कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा खेलो इंडिया नेशनल गेम्स तथा ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी है। सितंबर में खेलो इंडिया चैंपियनशिप में जीत दर्ज करने के साथ ही मधु ने वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया था। खेल प्रेमियों ने स्वर्ण पदक की उम्मीदों के साथ उसे शुभकामनाएं देते हुए पुर्तगाल के लिए रवाना किया। कोच जसवंत ने कहा कि मधु बेहद होनहार खिलाड़ी है। जिस भी टूर्नामेंट में खेलने जाती है, पदक जीतकर लौटती है। इस बार भी पुर्तगाल से देश के लिए पदक जीतकर लौटेगी।
ये भी पढ़ें- अगले साल ही बनकर तैयार होगा बहादुरगढ़ के सरकारी अस्पताल का नया भवन