Mahendragarh : विशेष सफाई अभियान का सीएम फ्लाइंग ने किया औचक निरीक्षण
- निरीक्षण के दौरान शहर में जगह-जगह मिले कूड़े के ढेर
- नगर पालिका ने 1 से 7 दिसंबर तक चलाया था विशेष सफाई अभियान
;
Mahendragarh : शहर में चलाए जा रहे मुख्यमंत्री के सफाई अभियान का सीएम फ्लाइंग टीम ने शुक्रवार की सुबह सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम को शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर मिले। कूड़े के ढेर की टीम ने फोटोग्राफी भी की। सफाई अभियान के दौरान टीम को शहर में सफाई व्यवस्था सही प्रकार से नहीं मिली। टीम ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी।
बता दें कि 30 नवंबर को रात नौ बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा के सभी उपायुक्त व डीएमसी के साथ वीडियों कॉन्फ्रेसिंग कर सात दिसबंर तक शहर में गलियों व सड़कों से कूड़े के ढेर उठाकर निर्धारित डंपिंग ग्राउंड में डालने के निर्देश दिए थे। इस दौरान कहा गया था कि शहर में किसी भी जगह कूड़ा दिखाई नहीं देना चाहिए। इसी को देखते हुए शुक्रवार को मुख्यमत्री उड़नदस्ता टीम ने एक से सात दिसंबर तक चलाए गए सफाई अभियान का निरीक्षण किया। टीम में मुख्यमंत्री उड़न दस्ता रेवाड़ी की ओर से एएसआई सचिन कुमार, सुनील कुमार, नगर पालिका महेंद्रगढ़ सफाई दरोगा विजेंद्र कुमार व सफाई इंचार्ज जयप्रकाश की संयुक्त टीम तैयार करके एक से सात दिसंबर तक चलाए गए विशेष सफाई अभियान के तहत शहर में नगर पालिका द्वारा कराई गई सफाई का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम को नगर पालिका द्वारा पांच टेंपो, तीन ट्रैक्टर व एक जेसीबी का प्रयोग किया गया तथा इस दौरान 85 सफाई कर्मचारी व ड्राइवर ने कार्य किया। सीएम फ्लाइंग टीम द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तो शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे मिले, जिनकी टीम ने मौके पर फोटोग्राफी भी की। इसके अलावा नगर पालिका द्वारा एक दिसंबर से सात दिसंबर के दौरान चलाए गए विशेष सफाई अभियान के दौरान शहर में सफाई व्यवस्था काे सही प्रकार से अंजाम नहीं दिया गया है। नगर पालिका महेंद्रगढ़ के अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा इस विशेष सफाई अभियान को पूर्ण रूप से सफल बनाने में कोई रुचि नहीं दिखाई गई। महेंद्रगढ़ शहर में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल पाया गया। टीम ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी।
यह भी पढ़ें - Jind : तेज रफ्तार कार कैंटर के पीछे घुसी, दो लोगों की मौत, तीन गंभीर