Mahendragarh : गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेगी हकेंवि की छात्रा काजल

हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयंसेविका काजल का चयन आगामी 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ है।;

Update: 2023-12-19 06:52 GMT

Mahendragarh :  हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयंसेविका काजल का चयन आगामी 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ है। विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने बीवॉक बायोमेडिकल साइंस से काजल के चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि काजल ने अपनी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है व उनके चयन से अन्य स्वयंसेवकों को भी जीवन में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।

बता दें कि काजल गणतंत्र दिवस परेड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सलामी देंगी। विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई के समन्वयक डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेने के लिए लंबी चयन परीक्षा से गुजरना होता है, जिसके तहत स्वयंसेवक को परेड, शारीरिक कौशल व सांस्कृतिक गतिविधियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करना होता है। उन्होंने बताया कि काजल का प्री-रिपब्लिक-डे परेड कैंप 24 अक्टूबर से तीन नवंबर तक मनोहर मेमोरियल कॉलेज फतेहाबाद में लिए चयन हुआ था, जिसके बाद उनका चयन गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ है। काजल ने विश्वविद्यालय में आयोजित हुए रक्तदान शिविर व पौधारोपण जैसे बहुत सारे अभियानों में अहम भागीदारी निभाई है।

प्रो. दिनेश चहल ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेना हर स्वयंसेवक का सपना होता है। काजल के पिता सत्यवीर ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि काजल अपनी परिवार की पहली व्यक्ति है, जिसे कर्त्तव्य पथ पर परेड करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है और महेंद्रगढ़ से किसी छात्रा का राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत गणतंत्र दिवस परेड शिविर में चयन पहली बार हुआ है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार, माता पिता, शिक्षकगणों के आशीर्वाद व साथियों के सहयोग से यह सपना साकार होने जा रहा है। हकेंवि एनएसएस इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नीलम, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. आनंद शर्मा, डॉ. रेणु ने काजल को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी।

यह भी पढ़ें -Rewari : सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा सोमवार, तापमान 4 डिग्री सेल्सियस लुढ़का

Tags:    

Similar News