नकाबपोश व्यक्ति और महिला ने चाकू की नाेक पर किशोरी को बंधक बनाकर घर से दिनदहाड़े लूटा सामान

बुटर विहार कॉलोनी निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह वह काम पर चला गया था। उसकी पत्नी मुरादाबाद रिश्तेदारी में गई थी। घर पर उसकी 14 वर्षीय लड़की अकेली थी। आगे पढ़ें...;

Update: 2022-02-22 12:09 GMT

हरिभूमि न्यूज : यमुनानगर

यमुनानगर शहर की बुटर विहार कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े नकाबपोश एक व्यक्ति व महिला ने घर पर अकेली 14 वर्षीय लड़की को चाकू का भय दिखाकर बंधक बनाकर अलमारी में रखे नगदी व ज्वेलरी लूट ली। पुलिस ने फॉरेसिंक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जरूरी सबूत जुटाए। 

बुटर विहार कॉलोनी निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी तथा दो बच्चों के साथ घर पर रहता है। उसने घर पर किराएदार रखे हुए हैं। उसकी पत्नी घर पर ही सूट बेचने का काम करती है। मंगलवार सुबह वह काम पर चला गया था। उसकी पत्नी मुरादाबाद रिश्तेदारी में गई थी। उसका लड़का स्कूल में तथा किराएदार भी अपने काम पर चले गए थे। घर पर उसकी 14 वर्षीय लड़की अकेली थी। सुबह करीब साढ़े 11 बजे घर पर एक महिला व व्यक्ति आए। दोनों ने मुंह पर नकाब ढका हुआ था। आरोपितों ने आते ही उसे सूट दिखाने को कहा। जब वह कमरे से दूसरे कमरे की चाबी लेने के लिए गई तो आरोपितों ने अपनी जेब से चाकू निकालकर उसकी लड़की के गर्दन पर रख दिया।

इसके बाद आरोपितों ने उसे बंधक बनाकर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपित अलमारी में रखे नगदी व गहने लूटकर वहां से फरार हो गए। बाद में जब किराएदार घर पहुंचे तो उन्होंने लड़की के चिल्लाने की आवाज सुनी। जिसके बाद उन्होंने लड़की को मुक्त कराया और इसकी सूचना उसे दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा और घटना के बारे पुलिस में शिकायत दी। फरकपुर थाना प्रभारी अनिल राणा फॉरेंसिंक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सबूत जुटाए। बाद में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

Tags:    

Similar News