Weather Update : उत्तर भारत में फिर करवट लेगा मौसम, हरियाणा सहित इन राज्यों में बारिश की संभावना

देश के उत्तरी मैदानी राज्यों में भीषण गर्मी और लू की वजह से अब सुस्त मानसून रफ्तार पकड़ेगा। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से गर्मी और लू पर लगाम लगेगी और उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेगा।;

Update: 2022-06-10 13:35 GMT

Mausam Ki Jankari 

देश के उत्तरी मैदानी राज्यों में भीषण गर्मी और लू की वजह से अब सुस्त मानसून रफ्तार पकड़ेगा। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से गर्मी और लू पर लगाम लगेगी और उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेगा। जून महीने के पहले 10 दिन उत्तर भारत के मैदानी राज्यों पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में शुष्क और गर्म रहे। आमतौर पर जून में मानसून भारतीय प्रायद्वीप में केरल से दाखिल होता है और उत्तर भारत में गर्मी के दौर के साथ प्री मानसून गतिविधियां जोर पकड़ने लगती है और अब उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू की वजह से वर्तमान परिस्थितियों में हल्के बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। उम्मीद है कि 10 जून की रात्रि से 15 जून के बीच कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने लगेंगे। जिस कारण केवल पृथक या सीमित तौर पर ही मौसम में बदलाव होगा।

16 जून के बाद उत्तर भारत में अच्छी प्री मानसून की गतिविधियां

16 जून के बाद उत्तर भारत में अच्छी प्री मानसून की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं जिसमें हरियाणा व एनसीआर दिल्ली के अधिकतर स्थानों पर राहत की झमाझम बारिश देखने को मिलेगी। इसके अलावा 20 जून के बाद मानसून कभी भी उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। गौरतलब है कि मानसून अभी तक कमज़ोर बना हुआ था परन्तु अब धीरे-धीरे मानसून जोर और रफ्तार पकड़ने के साथ ही 14 जून तक मुम्बई तो 15 जून के बाद पूर्वी भारत में बिहार व झारखंड के साथ मध्य भारत के अनेक स्थानों पर दाखिल होने जा रहा है। इसके अलावा जून के तीसरे सप्ताह में एमजेओ ( मैडेन-जूलियन ऑसीलेशन ) यह एक समुद्री-वायुमंडलीय घटना है जो विश्वभर में मौसम की गतिविधियों को प्रभावित करता है ) के भी भारतीय महासागर में प्रवेश करने से मानसून और रफ्तार पकड़ेगा। इस कारण सम्पूर्ण भारतीय भू भाग पर बारिश की गतिविधियों में बढोतरी देखने को मिलेगी।

आज रात यहां बदलेगा मौसम

आज शुक्रवार को रात्रि के समय एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों को प्रभावित करेगा जिसके चलते पंजाब, उत्तरी हरियाणा, दिल्ली व एनसीआर, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के इलाको में हवाओं का रूख बदलेगा और इन राज्यों के केवल 25% इलाकों में ही प्री मानसून गतिविधियां दिखेंगी। जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होगी। इस दौरान धूल भरी हवाओं के साथ और कहीं कहीं आंधी भी आ सकती है। हवाओं के बदलाव से वातावरण में आद्रता बढेगी और दिन में गरम मौसम के चलते शाम या रात के समय गरज के बादलों का निर्माण हो सकता है, जिससे कम समय में तेज बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।कुल मिलाकर 15 जून तक मौसम परिवर्तनशील और गतिशील बना रहेगा, गर्मी भी रहेगी और अलग-अलग स्थानों पर मौसम में बदलाव आंधी और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी/बारिश देखी जा सकती है, साथ ही आंशिक बादलवाही भी देखने को मिलेगी।

इस मौसमी प्रणाली का प्रभाव हरियाणा में केवल उत्तरी जिलों पर ही देखने को मिलेगा और पश्चिमी जिलों पर तापमान में बढ़ोतरी और भीषण गर्मी और लू का आगाज जारी रहेगा और शेष हरियाणा में सिमित स्थानों पर प्री मानसून गतिविधियां बिखराव के रूप में दर्ज की जाएंगी। भारतीय मौसम विभाग ने सम्पूर्ण इलाके पर येलो अलर्ट जारी किया हुआ है। 16 जून के बाद हरियाण् में अधिकतर स्थानों पर राहत की बारिश देखने को मिलेगी। शुक्रवार को हरियाणा व एनसीआर दिल्ली के अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री से 47.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।


Tags:    

Similar News