इकलौता बेटा था पिंटू : मोबाइल टॉवर ठीक करने चढ़े मैकेनिक की 120 फीट नीचे गिरकर मौत, एक बाजू मिली गायब
पिंटू अपने दो साथियों सहित टॉवर पर चढ़ा था। तभी एक जोरदार धमाके की आवाज आई। जब पड़ोसियों ने देखा तो पिंटू 30 मीटर की ऊचाई पर टॉवर पर लटका हुआ था।;
हरिभूमि न्यूज. बराड़ा ( अंबाला)
साहा-अंबाला मुख्य मार्ग पर स्थित राधास्वामी संत्सग भवन के पीछे लगे मोबाइल के टावर से गिरकर एक मैकेनिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव तंदवाल निवासी पिंटू (27) के रूप में हुई। पिंटू सुबह लगभग 9 बजे अपने काम पर पहुंच गया था। पिंटू अपने दो साथियों सहित टॉवर पर आई खराबी को ठीक करने चढ़ा था। देखने वालों के अनुसार लगभग 10 बजे एक जोरदार धमाके की आवाज आई। जब पड़ोसियों ने देखा तो पिंटू 30 मीटर की ऊचाई पर टॉवर पर लटका हुआ था।लोग आनन -फानन में उसे नीचे उतारने में लग गए। इस प्रक्रिया में लगभग एक घंटा लग गया। जब लोगों ने शव को नीचे उतारा तो देखा उसकी एक बाजू गायब थी। लोगों ने जैसे ही बाजू की आसपास तलाश करनी शुरू की तो पता चला कि कोई जानवर बाजू को उठा ले गया है। वहां से बहुत दूरी तक खून बहता दिखाई दिया। शाम तक बाजू नहीं मिल पाई थी।
सूचना पाकर पुलिस व मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर जाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पिंटू अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। बहन की शादी हो चुकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। स्थानीय कुछ लोगों को कहना है कि टॉवर में कंरट आने के कारण पिंटू नीचे गिरा जबकि उसके साथ चढ़े दो साथी सही-सलामत नीचे उतर गए। अब यह भी सवाल उठ रहा है कि अगर टॉवर में कंरट होता तो उसके अन्य दो साथी सही-सलामत नीचे कैसे उतर गए? जबकि कुछ लोगों ने यह भी अंदेशा जताया है कि सेफ्टी बेल्ट के खुल जाने के कारण पिंटू नीचे गिर गया। जिस जगह बैठकर पिंटू काम कर रहा था उस जगह की हाईट लगभग 120 फीट बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घर में छाया मातम
गांव तंदवाल में पिंटू की मौत का समाचार सुनने के बाद हर कोई अपने आंसु नहीं रोक पा रहा था। पिंटू मां-बाप का इकलौता लडक़ा था जो कुछ ही समय पहले टॉवर के काम पर जाने लगा था। उसकी मौत के समाचार मिलने के बाद हर कोई परिवार को सांत्वना देने को उनके घर की ओर दौड़ पड़ा। बेटे की मौत की खबर सुनकर दोनों मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल हो चुका था। पिंटू के पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं।