विधायक ने उठाई रेवाड़ी नगर परिषद में चल रहे भ्रष्टाचार की एसआईटी से जांच कराने की मांग

विधायक चिरंजीव राव ने कहा कि नगर परिषद के भ्रष्टाचार का मामला वह विधानसभा में भी उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों को राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है।;

Update: 2022-04-02 09:51 GMT

हरिभूमि न्यूज. रेवाड़ी

विधायक चिरंजीव राव ने कहा कि नगर परिषद में चल रहा भ्रष्टाचार का खेल कोई नया नहीं है। इसे मिटाने के लिए सरकार को न सिर्फ एसआईटी से जांच करानी चाहिए, बल्कि विजिलेंस की एफआईआर में नामजद अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जाना चाहिए। चिरंजीव शनिवार को अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद के एमई और ईओ को केस दर्ज होने के बाद तुरंत सस्पेंड करना चाहिए था, परंतु भ्रष्टाचार के तार ऊपर तक जुड़े होने के कारण इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। नगर परिषद के भ्रष्टाचार का मामला वह विधानसभा में भी उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों को राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के समक्ष उनके अपने ही समर्थक पार्षद गत दिनों भ्रष्टाचार का मुद्दा उठा चुके हैं। जब सत्ता पक्ष के पार्षद ही भ्रष्टाचार का मामला उठा रहे हैं, तो उससे यह साफ हो रहा कि नप में भ्रष्टाचार चरम सीमा तक पहुंच चुका है।

उन्होंने कहा कि रेवाड़ी को लंदन बनाने के दावे करने वाले नेताओं के कारण आज रेवाड़ी दयनीय हालत का शिकार बना हुआ है। शहर में बेसहारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। अधिकारी शहर को कैटल फ्री बनाने की योजनाएं आए दिन बनाते हैं, परंतु इन योजनाओं को सिरे चढ़ाने के प्रयास नहीं किए जाते। विकास के नाम पर नप में जमकर घोटाला हो रहा है। लोगों को टूटी सड़कों से लेकर स्ट्रीट लाइटों तक की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। विकास के नाम पर जेबें भरने का काम किया जा रहा है। भाजपा सरकार ने महंगाई बढ़ाकर आम लोगों को बुरी तरह परेशान कर दिया है। बिजली और डीएपी खाद के दाम बढ़ाकर सरकार ने यहा साबित कर दिया है कि उसे आम जनता के हितों से कुछ लेना-देना नहीं है। कांग्रेस पार्टी सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर खामोश नहीं बैठेगी। 

Tags:    

Similar News