हरियाणा से विदाई की ओर मानसून : सितंबर में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड, 15 जिलों में सामान्य से अधिक, देखें आंकड़े
सम्पूर्ण हरियाणा व एनसीआर दिल्ली से 30 सितंबर से एक अक्टूबर तक मानसून की विदाई की प्रबल संभावनाएं बन रही हैं।;
Haryana Weather Update
हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में मानसून की विदाई से पहले जबरदस्त बारिश हुई। जिसका कारण बंगाल की खाड़ी पर बना लो प्रेशर एरिया रहा। इससे न केवल पिछले डेढ़ महीने का सूखा खत्म हुआ, बल्कि इससे पहले जहां हरियाणा के ज्यादातर जिलों में सामान्य कम बारिश हुई थी, वहां केवल तीन दिनों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हुई।
बता दें कि हरियाणा में एक जून से 26 सितंबर तक 465.3 मिलीमीटर बारिश हुई, इस दौरान सामान्य 428.7 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन अब तक प्रदेश में सामान्य से नौ प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज हुई है। वर्तमान में केवल सात जिलों में अंबाला, भिवानी, फरीदाबाद, पंचकूला, रेवाड़ी, सोनीपत, यमुनानगर में ही सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है, जबकि शेष 15 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं जिले में सितंबर महीने में बारिश ने पिछले 27 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। जिसके चलते जिले में 26 सितंबर तक 483.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जबकि इस दौरान जिले में 394.2 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है, जो सामान्य से 23 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
30 सितंबर या एक अक्टूबर को होगी मानसून की विदाई
नारनौल के पीजी कॉलेज के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डा. चन्द्रमोहन ने बताया कि हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में मानसून की विदाई सम्मानजनक उपस्थिति के साथ होंगी। उन्होंने कहा कि दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में एक एंटी-साइक्लोन प्रणाली बनेगी। जिसकी वजह से राजस्थान, पंजाब, हरियाणा व दिल्ली में उत्तर-पश्चिमी हवाएं भी शुरू होंगी। जिससे वातावरण में नमी की मात्रा में गिरावट भी आएगी और सम्पूर्ण इलाके में गुलाबी ठंड का आगाज देखने को मिलेगा। डा. चन्द्रमोहन ने बताया कि हरियाणा, एनसीआर दिल्ली में मानसून की वापसी के लिए आने वाले दो तीन दिनों के बाद परिस्थितियां और अनुकूल भी हो जाएंगी। ऐसे में सम्पूर्ण हरियाणा व एनसीआर दिल्ली से 30 सितंबर से एक अक्टूबर तक मानसून की विदाई की प्रबल संभावनाएं बन रही है।