मूसेवाला हत्या केस : गोल्डी बराड़ और लारेंस बिश्नोई के संपर्क में रोहतक के कई गैंग, गुर्गों की लिस्ट तैयार
कनाड़ा में बैठकर हरियाणा, दिल्ली और पंजाब में खूनी खेल खेलने वाले गोल्डी बराड़ के कनेक्शन की परतें खुलने लगी हैं। रोहतक पुलिस ने भी यहां सक्रिय कई गिरोह का रिकार्ड खंगाला है।;
विजय अहलावत : रोहतक
कनाड़ा में बैठकर हरियाणा, दिल्ली और पंजाब में खूनी खेल खेलने वाले गोल्डी बराड़ के कनेक्शन की परतें खुलने लगी हैं। रोहतक पुलिस ने भी यहां सक्रिय कई गिरोह का रिकार्ड खंगाला है। पिछले कुछ साल में दस से ज्यादा गिरोह सक्रिय रहे हैं। लेकिन इस समय केवल चार गिरोह ही ज्यादा सक्रिय हैं। जिनमें कुछ समय पहले हत्याएं भी हुई हैं। पुलिस ने चार गिरोह के सदस्यों की सूची तैयार की है। गिरोह के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन गिरोह के कनेक्शन लारेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड, राणा और सेठी समेत काला जठेडी से हैं। गिरोह के ज्यादातर सदस्य इस समय जेल में बंद हैं।
जेल में बैठे अपराधी बाहर घूम रहे गिरोह के शूटरों से वारदात को अंजाम दिलवाते हैं। गिरोह पर एसटीएफ और सीआईए की टीमें नजर रखे हुए हैं। याद रहे कि 29 मई की शाम को पंजाब के मानसा में मशहूर सिंगर सिद्धू मुसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल हुआ था कि गोल्डी बराड़ ने हत्या की जिम्मेदारी ली है। इसके बाद सोनीपत के दो बदमाश भी बोलेरो गाड़ी समेत कैमरे में कैद हुए थे। जिनकी तलाश में पंजाब पुलिस छापेमारी कर रही है। इसके बाद से ही रोहतक, सोनीपत में अलर्ट है।
कनाडा से मोबाइल पर गैंग आपरेट करता है गोल्डी
गोल्डी बराड का असली नाम सतिंदर सिंह है। वह लारेंस के गिरोह को कनाडा से ही चलाता है। लारेंस इस समय दिल्ली की जेल में बंद है। लारेंस गैंग से गोल्डी बराड को संदेश भिजवाता है। इसके बाद गोल्डी मोबाइल पर हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान के लड़कों से काम करवाता है। वह खुद ही लड़कों को हथियार मुहैया करवाता है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पांच सौ से ज्यादा लोग लारेंस और गोल्डी के लिए अलग-अलग काम करते हैं। जिनमें से अधिकतर की पहचान पुलिस के पास भी नहीं है।
गोल्डी बराड़ के सपंर्क में विकास मटरी
रोहतक पुलिस ने मार्च माह में ईनामी बदमाश विकास मटरी और सोनू को गिरफ्तार किया था। वह फेसबुक पर लोगों को धमकी देकर हत्या की वारदात को अंंजाम देता था। उस पर दस हजार का इनाम था। विकास ने अपने साथी सोनू के साथ मिलकर प्रोपर्टी डीलर से 50 लाख रुपएों की फिरौती मांगी थी। जून 2021 में सैमाण में रोहित के घर पर अंधाधुंध फायरिंग की गई। फायरिंग में गोली लगने से रोहित की मौत हो गई थी। दिसंबर 2021 में सैमाण गांव निवासी अशोक टेलर की हत्या कर दी गई थी। जिसमें मटरी वांछित था। वह लारेंस और गोल्डी बराड़ के संपर्क में था।
अनिल छिप्पी गिरोह
रोहतक पुलिस की माने तो अनिल छिप्पी गिरोह भी लारेंस बिश्नोई के संपर्क में हैं। गिरोह की श्रीभगवान पक्ष से रंजिश थी। जिसमें कई हत्याएं हो चुकी हैं। गिरोह ने कई साल पहले कारौर में एक व्यक्ति की हत्या की थी। जिसमें लारेंस बिश्नोई के करीबी राजू बसौदी समेत संपत नेहरा भी शामिल था। संपत को काफी समय पहले रोेहतक पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि वह छिप्पी गैैंग के संपर्क में हैं। हालांकि अनिल और उसके कई साथी इस समय जेल में बंद हैं, लेकिन गिरोह की गतिविधियां जारी रहती हैं।
संपत नेहरा ने की थी सलमान की रेकी
रोहतक पुलिस ने 2018 में खुलासा किया था कि सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने के बाद चर्चा ने आए लारेंस बिश्नोई ने अपने शूटर संपत नेहरा को सलमान खान की रेकी करने के लिए भेजा था। संपत ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि वह सलमान खान के अपार्टमेंट तक पहुंच गया था लेकिन उसे हमला करने का मौका नहीं मिला, जिसके बाद वह वापस आ गया था। धमकी के बाद सलमान की सिक्योरिटी बढ़ा दी गई थी। एक बार फिर से सलमान को धमकी भरा पत्र भेजने में लारेंस का नाम चर्चा में है।
जीतू भी गोल्डी बराड़ के संपर्क में
पुलिस का दावा है कि बनियानी का रहने वाला जीतू भी गोल्डी बराड़ के संपर्क में है। वह उसके कहने पर काम करता है। वह सैमाण में हुए अशोक टेलर हत्याकांड में आरोपित है और फरार चल रहा है। उसका नाम अम्बाला में हुई एक और वारदात में सामने आया था।
छोटा भी सपंर्क में
पुलिस सूत्रों का कहना है कि सुमित छोटा भी गोल्डी बराड़ के संपर्क में है। वह इस समय हिसार जेल में बंद है। उसे स्पेशल टास्क फोर्स की हिसार यूनिट ने गिरफ्तार किया था। वह हरियाणा और दिल्ली का मोस्टवांटेड था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी उसने कबूला कि उसने पुरानी रंजिश के चलते महम के सैमाण में 2 लोगों की हत्या करनी थी। इसके अलावा उस पर फायरिंग का भी केस दर्ज था।
इन पर रखा गया है इनाम
रोहतक पुलिस की वांटेड लिस्ट में सुंदर काला निवासी काहनी पर 50 हजार, सुरेंद्र निवासी जींद पर हत्या मामले में 75 हजार का इनाम है। जगबीर भिवानी पर लूट, हत्या मामले में 25 हजार का इनाम है। रोहतक के सुनील पर हत्या मामले में 25 हजार का इनाम रखा गया है। दुष्कर्म मामले में मंजीत पर 50 हजार का इनाम है। आर्य नगर में जानलेवा हमले के अज्ञात आरोपित पर 50 हजार का इनाम है। सांपला के प्रवीन पर हत्या मामले में 25 हजार का इनाम है। हत्या मामले में ही रोहतक लोकेश पर 25 हजार का इनाम है। दुष्कर्म मामले में बलराज पर पांच हजार का इनाम है। हाल ही में पुलिस ने 17 मोस्टवांटेड आरोपितों को पकड़ कर जेल भी भेजा है।
भाऊ की तलाश में दो जिलों की पुलिस
रिटौली के कुख्यात हिमांशू उर्फ भाऊ की तलाश में रोहतक और झज्जर की पुलिस लगी हुई है। झज्जर में उस पर एक लाख का इनाम है। जबकि रिटौली में हुए हत्याकांड में संलिप्त भाऊ पर रोहतक पुलिस की तरफ से 50 हजार का इनाम है। भाऊ भी दिल्ली के बड़े गिरोह के सरगना का करीबी है।
महम नगर पालिका चुनाव में भी डाल सकते हैं प्रभाव
19 जून को महम नगर पालिका के 15 वार्डों में चुनाव होने हैं। इसके लिए 64 उम्मीद्वार मैदान में उतरे हुए हैं। महम के कई बदमाश लारेंस और गोल्डी के संपर्क में हैं। इसलिए पुलिस ज्यादा सतर्कता से काम कर रही है। पुलिस को आशंका है कि बदमाश चुनाव में हस्तक्षेप कर सकते हैं। वोटरों और प्रत्याशियों को डराया धमकाया जा सकता है। इसलिए चुनाव से पहले अपराधियों को दबोचने के लिए काम किया जा रहा है।
सभी मोस्टवांटेड की तलाश में छापेमारी
सभी मोस्टवांटेड की तलाश में छापेमारी की जा रही हैं। सीआईए और अन्य टीमों को दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। महम नगर पालिका चुनाव को देखते हुए भी विशेष एहतियात बरते जा रहे हैं। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -उदय सिंह मीना, एसपी रोहतक