मां, मामा व नानी पर बेटी को जहर देने का आरोप : बड़ी उम्र के व्यक्ति से शादी का था दबाव, बात नहीं मानी तो...
आरोप है कि आरोपित उसकी बड़ी उम्र के व्यक्ति से शादी कराना चाहते थे, लेकिन वह विरोध कर रही थी। जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। आईएमटी थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।;
रोहतक। गत नवंबर में जहर खाने से हुई किशोरी की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी मां, मामा और नानी के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृतका अपनी मां के साथ अपनी नानी के घर रहती थी। पिता का आरोप है कि किशोरी की मां, मामा और नानी ने उसे जहर देकर मौत के घाट उतारा है। आरोप है कि आरोपित उसकी बड़ी उम्र के व्यक्ति से शादी कराना चाहते थे, लेकिन वह विरोध कर रही थी। जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। आईएमटी थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
लाखनमाजरा के अशोक ने आईएमटी थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2004 में बलियाना गांव की सुशीला के साथ हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी 17 वर्षीय खुशी और छोटी बेटी 15 वर्षीय काफी है। सबसे छोटा बेटा है। झगड़ा होने के बाद करीब छह साल पहले सुशीला तीनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थी, जिसके बाद उसने ना खुद बात की और ना ही बच्चों से बात करने दी।
बड़ी बेटी ने पिता को फोन कर सूचना दी
अशोक ने आरोप लगाया कि जब काफी ने उनकी बात नहीं मानी तो बेदो, सुशीला व संदीप ने मिलकर 8 नवंबर को जबरन उसे जहर पिला दिया। जिसके बाद उसे दिल्ली बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां 10 नवंबर को उसकी मौत हो गई। जिसके बाद उसकी बड़ी बेटी ने पिता के पास फोन करके इसकी सूचना दी।
बच्चों को लेकर चली गई थी पत्नी
अशोक ने बताया कि उसकी पत्नी सुशीला के साथ अनबन थी। जिसके कारण उसकी पत्नी उसे छोड़कर तीनों बच्चों सहित अपने मायके चली गई। पिछले करीब 6 साल से वह अलग रहती है और तीनों बच्चे भी उसके साथ ही रहते हैं। यहां तक कि बच्चों से बातचीत भी नहीं होने देती।
मिलने भी नहीं दिया
अशोक ने बताया कि सुशीला ने घरेलू हिंसा का केस भी दर्ज करवाया। वहीं खर्चे का केस भी लगाया। जिसके बाद 7 हजार रुपये प्रति माह खर्च बांधा गया था। जो बढ़कर 9 हजार रुपये हो गया था। अशोक ने कहा कि उसकी सास का चरित्र ठीक नहीं है। यहां तक कि उसे तीनों बच्चों से अलग कर दिया और मिलने भी नहीं देती है।
किशोरी का अंतिम संस्कार लाखनमाजरा में किया
किशोरी के पिता अशोक को पता चलते ही वह पंचायत लेकर मौके पर पहुंचा और बेटी काफी के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद अंतिम संस्कार भी लाखनमाजरा में लाकर किया गया। शिकायतकर्ता ने शक जताया है कि उसके दूसरे बच्चे खुशी और दीपक की जान को भी खतरा है। आरोपित पक्ष लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है।
पिता की शिकायत पर केस दर्ज
पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों ने भी जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत की पुष्टि की है। हालांकि स्पष्ट कारणों का पता सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल नाबालिग के पिता की शिकायत पर मृतका की मां, मामा व नानी के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। - सुखबीर सिंह, एसआई जांच अधिकारी, थाना आईएमटी