मुंबई की गलियों में छा रहा हरियाणा का मिस्टर बोस, कभी बेचनी पड़ी थी बाइक, आज इनके रैप पर झूमते हैं लोग
मशहूर इंटरनेशनल कलाकारों और रैप म्यूजिक के कलाकारों के नक्शेकदम पर चलते हुए बहादुरगढ़ के तरुण भुटानी पूरी दुनिया को झूमने के लिए मजबूर कर रहे हैं। उनकी पहली म्यूजिक एल्बम स्वयं की मुंबई में की गई स्ट्रगल पर आधारित है।;
रवींद्र राठी : बहादुरगढ
अपनी मोटरसाइकिल बेचकर करीब 13 साल पहले मायानगरी मुंबई में गया बहादुरगढ़ का छोरा अभिनय की दुनिया में मुकाम नहीं बना पाया और तीन साल बाद वापस लौट आया। लेकिन फिल्मी दुनिया की कशिश कम नहीं हुई। बहादुरगढ़ का यह युवा कलाकार 5 साल बाद फिर मुंबई पहुंचा और अपने संघर्ष को सफलता में तब्दील करता चला गया। हालांकि अभिनेता की बजाय अब वह रैपर के तौर पर स्थापित हो रहा है। मिस्टर बोस के नाम से विख्यात इस युवा कलाकार की म्यूजिक एल्बम को बीते साल जी म्यूजिक द्वारा रिलीज किया गया। अब उसके पास तीन अन्य गानों के असाइनमेंट हैं।
मशहूर इंटरनेशनल कलाकारों और रैप म्यूजिक के कलाकारों के नक्शेकदम पर चलते हुए बहादुरगढ़ के तरुण भुटानी पूरी दुनिया को झूमने के लिए मजबूर कर रहे हैं। उनकी पहली म्यूजिक एल्बम स्वयं की मुंबई में की गई स्ट्रगल पर आधारित है। अब मिस्टर बोस बन चुके तरुण भुटानी का सबसे पहले रैप-सॉन्ग की बात करें तो उनका पहला सॉन्ग था 'मुंबई की गलियां'। जिसे जी म्यूजिक के बैनर तले रिलीज किया गया था। तरुण ने अपने पहले ही गाने के दम पर अपना एक अलग मुकाम बना लिया है। अपकमिंग प्रोजेक्ट के रूप में उनके पास अब हैश टैग आर्ट एंटरटेनमेंट कम्पनी से 3 गानों को तैयार करने का कॉन्ट्रैक्ट है।
2017 में दोबारा मुंबई का रुख
बहादुरगढ़ के दयानंद नगर में रहने वाले तरुण ने बाल विकास स्कूल से 12वीं की पढ़ाई की। फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीए की। लेकिन बचपन से माया नगरी का क्रेज उसके सिर चढ़कर बोल रहा था। इसीलिए वर्ष 2009 में अपनी मोटरसाइकिल बेचकर वह मुंबई चला गया। एक्टर बनने का ख्वाब लेकर मुंबई पहुंचे तरुण ने एक के बाद एक लगातार आडिशन दिए। फिल्म स्टूडियो से लेकर निर्माता निर्देशकों के यहां खूब धक्के खाए। तरुण ने वहां एक कमरे में 5 लड़कों के साथ रहकर समय बिताया। लेकिन बात नहीं बनी तो तीन साल बाद वर्ष 2012 में वापिस दिल्ली लौट आया। इस दौरान गुजर-बसर के लिए गांव लडरावन में स्थित सत कबीर शिक्षण संस्थान में कैंटीन चलाई। हालांकि उसके सिर से एक्टिंग का भूत उतरा नहीं था। इसीलिए 2016 में दिल्ली से श्रीराम सेंटर से थिएटर का सर्टिफिकेट लिया। फिर 2017 में दोबारा मुंबई का रुख किया।
छोटे पर्दे पर भी किया काम
अपनी दूसरी पारी में इस बार तरुण को क्राइम पेट्रोल, मेरी दुर्गा, समेत कई सीरियल और एलबम्स में एक्टिंग करने का मौका मिला। इसी बीच म्यूजिक डायरेक्टर करदम ठक्कर ने उनकी प्रतिभा को देखते हुए देशभक्ति पर एक गीत लिखने का ऑपर दिया। तरुण ने 'भारत महान देश महान' गाना लिखा। जिसे खूब सराहा गया। फिर उन्होंने बॉलीवुड के बादशाह, हन्नी सिंह और डिवाइन से प्रभावित होकर रैपिंग शुरू कर दी। बीते साल 2021 में जी म्यूजिक ने उनकी पहली एल्बम 'मुम्बई की गलियां' को रिलीज किया। सॉन्ग का पिक्चराइजेशन बाकायदा बड़े बैनर की फिल्म की तरह किया गया। इस बेहतरीन एल्बम में लिरिक्स और म्यूजिक कम्पोजिशन के अलावा आवाज भी तरुण की है। यह एल्बम फिल्माई भी तरुण अर्थात मिस्टर बोस पर गई है। इसे मनोज बंसल और भ्ााविता शाह ने प्रोड्यूस किया है। अभिनेता बनने के सपने के साथ मुंबई गए तरुण ने बतौर रैपर एक नया अंदाज दर्शकों के सामने रखा।