अब जेल में बंदी रोजाना करेंगे योग, शेडयूल जारी

इस शेडयूल के अनुसार जेल प्रशासन द्वारा बंदियों को योगा करवाने का कार्य शुरू भी कर दिया गया है। शेडयूल के अनुसार बंदियों को रोजाना योगा और व्यायाम करवाएं जाएंगे।;

Update: 2021-12-23 07:16 GMT

हरिभूमि न्यूज : कुरुक्षेत्र

अब जेल के बंदियों को नियमित रुप से सुबह-सुबह योगा और व्यायाम करवाया जाएगा। इन बंदियों को स्वस्थ रखने के उदेश्य से जेल अधीक्षक कुरुक्षेत्र की तरफ से एक शेडयूल भी तैयार किया गया है।

इस शेडयूल के अनुसार बंदियों को रोजाना योगा और व्यायाम करवाएं जाएंगे। अहम पहलू यह है कि इस शेडयूल के अनुसार जेल प्रशासन द्वारा बंदियों को योगा करवाने का कार्य शुरू भी कर दिया गया है। जेल अधीक्षक क्षेत्र सोमनाथ जगत ने बातचीत करते हुए कहा कि आज के आधुनिक युग में प्रत्येक व्यक्ति अपने स्वास्थ्य की तरफ विशेष ध्यान दे रहा है। अभी हाल में ही कोरोना महामारी के बाद प्रत्येक नागरिक को सबक भी मिला है कि सेहत का ध्यान रखना बहुत जरुरी है। मानव की रोग प्रतिरोधक क्षमता से ही बिमारियों से बचा जा सकता है। इन बीमारियों से बचने के लिए योग और व्यायाम सबसे उत्तम मार्ग है। इसीलिए सरकार भी लोगों को स्वस्थ रहने के लिए योगा और व्यायाम के प्रति जागरक भी कर रही है।

इस कोरोना काल में जेल बंदियों पर भी महामारी का बुरा असर पड़ा था और उस समय के बंदी कोरोना से भी संक्रमित हुए थे। इन तमाम पहलुओं को जहन में रखते हुए और संभावित ओमिक्रोन लहर से बचाव के लिए बंदियों को स्वस्थ रखना जेल प्रशासन की प्राथमिकता है। इस समय जेल में 670 बंदी है, जिनमें 32 महिला बंदी भी शामिल है। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन द्वारा सभी बंदियों के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस रखा जा रहा है। इसके साथ ही सरकार के नियमानुसार बंदियों को तमाम सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही है।

Tags:    

Similar News