हरियाणा में जल्द होगी 1250 डॉक्टरों समेत नर्सिंग स्टाफ की भर्ती, स्वास्थ्य मंत्री का दावा

मंत्री अनिल विज ने चेतावनी दी कि जो लोग असामाजिक कार्यों से जुड़े हैं वे दूध-दही के खानपान के प्रदेश से कूच कर जाएं। नहीं तो गब्बर की सलाखें उनके लिए खुली हैं।;

Update: 2022-02-06 13:37 GMT

हरिभूमि न्यूज. कलायत/कैथल

प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कार्ययोजना को जमीनी स्तर पर उतारने की कार्यवाही शुरू हो गई है। राज्य में जल्द 1250 चिकित्सकों की भर्ती होगी। इसके साथ ही नर्सिंग और अन्य रिक्त पदों को भरा जाएगा। निश्चित रूप से इससे जहां पूरी तरह से स्वास्थ्य सेवाओं का हरियाणा प्रदेश में कायाकल्प होगा वहीं चिकित्सकाें की भर्ती से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। वे रविवार को कलायत में नेशनल हाई-वे पर स्थित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप सामुदायिक केंद्र में पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे।

गृह मंत्री ने कहा कि लोग भले उन्हें गब्बर कहें लेकिन वे अनिल विज हैं। उनका प्रयास है कि पूरे प्रदेश को नशे के नेटवर्क से मुक्त करना है। इसके लिए राज्य के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को सप्ताह में नशाखोरी रोकने की दिशा में किए गए कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए हैं। उन्हाेंने चेतावनी दी कि जो लोग इस प्रकार के असामाजिक कार्य से जुड़े हैं वे दूध-दही के खानपान के प्रदेश से कूच कर जाएं। नहीं तो गब्बर की सलाखें उनके लिए खुली हैं। विज ने कहा कि देश के पांच राज्यों में होने वाले चुनाव में भाजपा विजय का परचम फहराए की। इसका मुख्य कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुशल नीति और विकास-कल्याणकारी योजनाएं हैं।

Tags:    

Similar News