ओमप्रकाश चौटाला बोले - हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस का विकल्प बनेगा तीसरा मोर्चा

पंचकूला में कार्यकर्ताओं की बैठक में उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बेरोजगारी पूरे देश में सबसे अधिक है। आज सरकार की कुनीतियों से देश-प्रदेश का किसान बेहाल है। किसान आन्दोलन को लेकर भाजपा सरकार का रवैया सौतेला है जिससे किसानों में रोष है।;

Update: 2021-09-04 12:48 GMT

पंचकूला: पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने जिला स्तरीय प्रोग्रामों के चलते शनिवार को पंचकूला जिले की कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी को लेकर प्रदेश की गठबन्धन सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बेरोजगारी पूरे देश में सबसे अधिक है। आज सरकार की कुनीतियों से देश-प्रदेश का किसान बेहाल है।

उन्होंने कहा कि किसान आन्दोलन को लेकर भाजपा सरकार का रवैया सौतेला है जिससे किसानों में रोष है। बीजेपी सरकार ने जिस प्रकार से किसानों के हितों के खिलाफ तीन काले कृषि कानून बनाएं हैं, उसके लिए उसे कभी भी माफ नहीं किया जा सकता। इसलिए उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस के विकल्प के रूप में तीसरे मोर्चा के गठन को लेकर प्रयास शुरू किया है और जल्द ही तीसरे मोर्चे का गठन होगा। 

उन्होंने कहा कि जेबीटी भर्ती में जब वह जेल गए तो कांग्रेस यह मानकर चल रही थी कि इनेलो खत्म हो जाएगी। लेकिन वर्करों ने पार्टी को संभाले रखा। अब हर आदमी कह रहा है कि आने वाले समय में हरियाणा में इनेलो की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और सरकार के लोग दोनों हाथों से जनता को लूटने में लगे हैं। 3206 लोगों को नौकरी देने पर उनको दस साल की सजा काटनी पड़ी थी, लेकिन इस बार सरकार बनने पर हर बेरोजगार को रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा, चाहे उसके लिए मुझे फांसी की सजा हो जाए।

उन्होंने कहा कि जिस दिन भी चुनाव होगा, उस दिन सरकार की लोकप्रियता सबके सामने आ जाएगी। क्योंकि इस सीट पर इनेलो के उम्मीदवार की भारी मतों से जीत होगी, लेकिन यह डरी हुई सरकार ऐलनाबाद सीट पर चुनाव को टाल रही है। आखिर सरकार कब तक चुनाव लटकाएगी। ताऊ देवी लाल के सपनों को पूरा करने के लिए वह संघर्ष कर रहे हैं। जिस इनेलो रूपी पौधे को पार्टी के वर्करों ने अपने खून से सींचा और जब वह पौधा फल देने लगा तो कुछ स्वार्थी लोग उसके फल लूटकर ले गए लेकिन अब ज्यादा से ज्यादा संख्या में पार्टी से जुडक़र इसे आगे बढ़ाने में हमारा सहयोग करें।

Tags:    

Similar News