नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ बोले- कांग्रेस सरकार में देश के शहीदों को पूरा सम्मान नहीं मिला
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने बहादुरगढ़ के वार्ड-30 में स्थित सामुदायिक बारात घर में नेताजी बोस की प्रतिमा का अनावरण किया।;
बहादुरगढ़ : रविवार को देश भर में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 125वीं जयंती(Subhash Chandra Bose Jayanti) पराक्रम दिवस (Parakram diwas) के रूप में मनाई जा रही है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने बहादुरगढ़ के वार्ड-30 में स्थित सामुदायिक बारात घर में नेताजी बोस की प्रतिमा का अनावरण किया।
रविवार को बहादुरगढ़ के वार्ड-30 में भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष डॉ नीना सतपाल राठी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नेताजी सुभाषचंद्र बोस के पराक्रम को याद किया गया। इस मौके पर धनखड़ ने पूर्व की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। पूर्व कृषि मंत्री ओपी धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस सरकार में देश के शहीदों को पूरा सम्मान नहीं मिला। अगर कांग्रेस सरकार चाहती तो शहीद भगत सिंह का गांव भारत में होता। इतना ही नहीं लाहौर जेल भी भारत में होती।
धनखड़ ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार भगत सिंह, सुखेदव और राजगुरु आदि को वो सम्मान नहीं मिला, जिनके वो काबिल थे। लेकिन बीजेपी आजादी के अमृत महोत्सव में देश को आजादी दिलवाने वाले सभी ज्ञात अज्ञात शहीदों को नमन कर रही है। भाजपा सरकार आजादी के शहीदों को नहीं भूलने देगी। देश के विभाजन का दंश झेलने वाले लोगों को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि इजरायल के वार मेमोरियल की तरह शहीदों का म्यूजियम बनवाएंगे। धनखड़ ने कहा कि आजादी की लड़ाई में हरियाणा के लोगों का भी बड़ा योगदान था। नेताजी की आजाद हिंद फौज में रहकर हरियाणा के 800 से ज्यादा सैनिक शहीद हुए थे।