हरियाणा पुलिस का पेपर लीक होने पर विपक्ष ने सरकार को घेरा, HSSC को बर्खास्त करने की मांग
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा-जजपा सरकार के राज में हरियाणा पेपर लीक माफियाओं का गढ़ बन गया है। आए दिन हरियाणा में पेपर लीक होते हैं और इसके बाद यह रद्द कर दिए जाते हैं।;
हरियाणा पुलिस कांस्टेबल परीक्षा का पेपर लीक होने पर कांग्रेस ( Congress ) ने प्रदेश सरकार को निशाने पर लिया है। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ( Kumari Selja ) ने हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन ( Hssc ) को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग की है। कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा-जजपा सरकार के राज में हरियाणा पेपर लीक माफियाओं का गढ़ बन गया है। आए दिन हरियाणा में पेपर लीक होते हैं और इसके बाद यह रद्द कर दिए जाते हैं।
हरियाणा पुलिस कांस्टेबल परीक्षा का पेपर लीक हुआ और इसके बाद इसे रद्द कर दिया गया। इस सरकार ने पेपर लीक में नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। हरियाणा के युवाओं को न्याय देने के लिए भाजपा सरकार के पहले कार्यकाल और भाजपा-जजपा सरकार के दूसरे कार्यकाल के सभी पेपर लीक मामलों की जांच के लिए न्यायिक जांच की घोषणा की जाए। कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में लगातार हो रहे पेपर लीक भाजपा-जजपा सरकार के नौकरियों में निष्पक्षता के दावों की पोल खोल रहे हैं। कब तक हरियाणा के युवाओं के भविष्य से इस तरह खिलवाड़ होता रहेगा? कब तक हरियाणा के युवा इस तरह प्रताड़ित होते रहेंगे? हरियाणा सरकार जवाब दे।
हरियाणा में पेपर लीक माफिया का तांडव : सुरजेवाला
राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ( Randeep Surjewala ) ने हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि क्या अब हरियाणा पुलिस कोंस्टेबल का पेपर लीक हो गया है, जिसकी परीक्षा चल रही है? क्या पेपर सॉल्वर "आन्सर की" के साथ गिरफ़्तार हुए हैं। क्या आज शाम के 5 बजे होने वाला पेपर भी "पेपर लीक गैंग" का शिकार बनेगा? खट्टर व दुष्यंत चौटाला बताएं कि लाखों बच्चों के भविष्य का क्या होगा?
सुरजेवाला ने सीएम मनोहर लाल व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला से जवाब मांगते हुए कहा कि क्या शाम 5 बजे के कोंस्टेबल "पेपर" व "आन्सर की" सुरक्षित हैं या फिर "पेपर माफिया" के हाथ लग गए हैं? क्या प्रदेश में "खर्ची और पर्ची" का राज चलेगा और युवाओं का भविष्य लूटेगा? क्यों खट्टर सरकार सामने आ सारी बात का खुलासा नही करती? क्या हरियाणा पुलिस कांस्टेबल का पेपर लीक हुआ है? अगर हाँ, तो वो "पेपर माफिया" कौन है व उसके तार किस सफ़ेदपोश से जुड़े हैं? क्या मुख्यमंत्री खट्टर सामने आ पूरी स्तिथि स्पष्ट करेंगे?