Palwal : हत्या कर कुएं में फेंका युवक का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
- सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, शव को निकाला बाहर
- पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा अस्पताल
;
Palwal : मंढनाका गांव के रहने वाले एक युवक की हत्या कर उसका शव कुएं में फेंक दिया। कुएं में शव मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक के पिता ने गांव के सात लोगों पर हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया। पुरानी रंजिश में हत्या की बात सामने आ रही है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी अनुसार मंढनाका गांव के रहने वाले 20 वर्षीय युवक का शव गांव के कुएं में पड़ा मिला। कुएं में शव की सूचना मिलने के बाद मृतक के पिता मौके पर पहुंचे और गांव के रहने वाले सात लोगों पर बेटे की हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया। उन्होंने मामले में पुरानी रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक अर्जुन के पिता विजय ने बताया कि सोमवार की रात को उनका बेटा अर्जुन खाना खाकर घर पर आराम कर रहा था। उसी दौरान तीन लोग घर पर आए। उनमें से एक ने आवाज लगाकर बेटे अर्जुन को अपने पास बुलाया और उसे साथ लेकर चले गए। उसके बाद बेटा वापस नहीं लौटा। घर नहीं लौटने पर उन्होंने बेटे की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार को गांव के रिंकू ने उन्हें बताया कि अर्जुन की लाश मंदिर के पीछे कुएं में पड़ी है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा तो अर्जुन का शव कुएं में पड़ा था।
उन्होंने आरोप लगाया कि धीरज, लोकेश, उदयबीर, रमेश, सुंदर, दिनेश उनके बेटे को जान से मारने की धमकी देते थे। ग्रामीणों के अनुसार, लगभग पांच वर्ष पहले रमेश के पिता बाबू राम की मौत लड़ाई झगड़े में हो गई थी, जिसमें अर्जुन पक्ष के कई लोगों के विरुद्ध हत्या का केस चल रहा है। इसलिए पुलिस इस घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें - Kaithal : किशोरी की फोटो एडिट कर वायरल करने की धमकी, मांगे 5 लाख रुपए