नई नवेली दुल्हन बनी सरपंच : शादी के दिन भरा नामांकन, मेहंदी का रंग फीका पड़ने से पहले मिली गांव की चौधर

नवनिर्वाचित सरपंच पूजा सहारण ने कहा कि वह गांव का विकास बेहतर ढंग से करवाने की क्षमता रखती हैं। क्योंकि उनके पति के बड़े भाई विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली के नजदीकी हैं।;

Update: 2022-11-26 12:29 GMT

भूना ( फतेहाबाद ) : हरियाणा पंचायत चुनाव में फतेहाबाद जिले के टिब्बी गांव में दो सप्ताह पहले नई नवेली दुल्हन बनकर आई पूजा सहारण गांव की सरपंच निर्वाचित हुई है। नई नवेली दुल्हन अपनी प्रतिद्वंदी उम्मीदवार मंजू बाला को 31 वोटों से पराजित करके सरपंच पद पर काबिज हो गई है। बता दें कि गांव झलनिया के किशोरी लाल गोदारा की बेटी पूजा देवी का रिश्ता टिब्बी गांव के जगदीश सहारण के बेटे सुनील के साथ तय किया गया था। जिनकी शादी 11 नवंबर को हुई थी। परंतु 12वीं पास पूजा का सहारण परिवार ने 11 नवंबर को ही नामांकन पत्र दाखिल करने के आखिरी दिन सरपंच चुनाव पद के लिए पर्चा भरवा दिया था। लेकिन नई नवेली दुल्हन की मेहंदी का रंग फीका पड़ने से पहले ही गांव की चौधर उसके हाथों में आ गई।

हालांकि चुनावी दंगल में पूजा सहारण सहित 7 महिलाएं सरपंच पद पर अपना भाग्य आजमा रही थी। लेकिन मंजू बाला के साथ कड़े मुकाबले के बीच पूजा सहारण 31 वाेट से जीत गई। इसलिए 14 दिन की दुल्हन के कंधों पर अब गांव के विकास की जिम्मेदारी भी डाल दी गई है। नवनिर्वाचित सरपंच पूजा सहारण ने कहा कि वह गांव का विकास बेहतर ढंग से करवाने की क्षमता रखती हैं। क्योंकि उनके पति के बड़े भाई सुशील सहारण विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली के नजदीकी हैं। इसलिए गांव की समस्याओं का समाधान करवाने में उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी। पूजा सहारण ने कहा कि यह उसका सौभाग्य है कि ससुराल में कदम रखते हैं गांव के मुखिया का ताज उसके सिर पर सज गया। परंतु हम पर जो विश्वास किया गया है उसका हमेशा आदर करती रहूंगी।

Tags:    

Similar News