साथी लड़ना चाहता था चुनाव, उसी के कहने पर दिल्ली पुलिस के सिपाही से मांगी रंगदारी

सेक्टर-23 निवासी दिल्ली पुलिस के सिपाही को व्हाट्सएप कॉल कर 25 लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।;

Update: 2021-01-18 10:02 GMT

हरिभूमि न्यूज : सोनीपत

जिला पार्षद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे सेक्टर-23 निवासी दिल्ली पुलिस के सिपाही को व्हाट्सएप कॉल कर 25 लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित गांव मुंडलाना का प्रवीण उर्फ है। पुलिस ने आरोपित को एक दिन के रिमांड पर लिया है। उसने बताया है कि सिपाही के गांव के युवक के कहने पर उसने रंगदारी की मांग की थी। पुलिस अब उसका पता लगा रही है।

सेक्टर-23 निवासी रोबिन सिंह दिल्ली पुलिस में जवान हैं। वह मूलरूप से गांव शामड़ी का है और उन्होंने वार्ड-3 से जिला पार्षद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रखी है। इसके चलते उन्होंने अपना त्यागपत्र पुलिस मुख्यालय भेज दिया है। रोबिन ने शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कराया था कि व्हाट्सएप पर कॉल कर उनसे 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी न देने पर आरोपित जान से मारने की धमकी दे रहा है। वह अपना नाम फोर्ड बता रहा है और बड़ा अपराधी होने व कई बार जेल जाने का दावा कर रहा है। उसने पहले चुनाव न लड़ने को कहा और बाद में चुनाव लड़ने पर रंगदारी देने की बात की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने बताया कि धमकी देने वाला आरोपित शनिवार रात को रंगदारी की राशि लेने सेक्टर-23 में आया था। जहां जांच अधिकारी बिजेंद्र सिंह की टीम ने उसे काबू कर लिया है। उसकी पहचान मुंडलाना निवासी प्रवीण उर्फ फोर्ड के रूप में हुई। फोर्ड ने बताया कि रंगदारी मांगने में उसके साथ गांव शामड़ी का युवक शामिल है। उसके कहने पर उसने रंगदारी मांगी है। उसका साथी भी चुनाव लड़ना चाहता है। वह नहीं जानता था कि रोबिन दिल्ली पुलिस में है।

फोर्ड पर दर्ज है कई मुकदमे

पुलिस ने बताया कि आरोपित प्रवीण उर्फ फोर्ड शातिर अपराधी है। उस पर करीब 12 मामले में दर्ज हैं। इनमें लूट, लूट का षड्यंत्र रचने, मारपीट, चोरी व रंगदारी के मामले शामिल हैं। पुलिस उसके साथी की तलाश में दबिश दे रही है। उसे गिरफ्तार कर सच्चाई का पता लगाया जाएगा।

रंगदारी मांगने के आरोपित प्रवीण उर्फ फोर्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। उसने एक अन्य युवक के कहने पर रंगदारी मांगने की बात कही है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर मामले से पर्दा उठाया जाएगा। - कुलदीप सिंह, चौकी प्रभारी, सेक्टर-23

Tags:    

Similar News