रेलवे ने यात्रियों को दी राहत : आज से जींद से कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत और रोहतक के लिए चलेंगी पैसेंजर गाड़ियां, जानें क्या रहेगी टाइमिंग

कोरोना काल से पहले जींद से कुरुक्षेत्र के लिए चार ट्रेन, जींद से पानीपत के लिए तीन व जींद से सोनीपत के लिए तीन ट्रेन चलती थी। अभी इन रूटों पर केवल एक-एक ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।;

Update: 2021-12-05 00:30 GMT

हरिभूमि न्यूज. जींद

जींद के लोगों के लिए रेलवे विभाग ने खुशखबरी दी है। पिछले कई माह से लगातार जींद से कुरूक्षेत्र व सोनीपत के लिए टे्रन चलाए जाने की मांग की जा रही थी। रेलवे ने इस मांग को अब पूरा कर दिया है। आज पांच दिसंबर को जींद से कुरुक्षेत्र व जींद से पानीपत होते हुए रोहतक के लिए पैसेंजर ट्रेन चलाई जाएंगी। इसके अलावा छह दिसंबर से जींद से सोनीपत के लिए पैसेंजर ट्रेन चलेगी।

लंबे समय से रेलगाडि़यों को चलाने की कर रहे थे मांग

कोरोना काल से पहले जींद से कुरुक्षेत्र के लिए चार ट्रेन, जींद से पानीपत के लिए तीन व जींद से सोनीपत के लिए तीन ट्रेन चलती थी। अभी इन रूटों पर केवल एक-एक ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। कोरोना संक्रमण के बाद 21 महीने बाद इन रूटों पर पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन होने जा रहा है। ऐसे में यह यात्रियों के लिए काफी राहत भरी खबर है। यात्री लंबे समय से इन रूटों पर पैंसजेंर ट्रेन चलाने की मांग कर रहे थे। यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए अभी इन रूटों पर केवल एक-एक पैसेंजर ट्रेन चलाई जा रही है। उम् मीद है कि आगे आने वाले दिनों में पहले की तरह पर्याप्त संख्या में पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन होगा, जिससे यात्रियों को और सुविधा मिलेगी।

यह रहेगी टाइमिंग

पांच दिसंबर से जींद से कुरुक्षेत्र के लिए सुबह आठ बजकर 25 मिनट पर ट्रेन चलेगी। जो उचाना, घसो, नरवाना, कलयात व कैथल होते हुए साढ़े 11 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। इसके बाद वापसी में शाम पांच बजकर 55 मिनट पर कुरुक्षेत्र से चलकर ट्रेन रात नौ बजकर 35 मिनट पर जींद जंक्शन पहुंचेगी। इसके अलावा पांच दिसंबर को जींद से पानीपत होते हुए रोहतक के लिए भी पैसेंजर ट्रेन शुरू की गई है। यह ट्रेन जींद जंक्शन से सुबह चार बजकर 35 मिनट पर चलेगी, जो पौने सात बजे पानीपत पहुंच जाएगी। पानीपत से छह बजकर 58 मिनट पर चलकर सुबह नौ बजे ट्रेन रोहतक पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन रोहतक से सुबह साढ़े नौ बजे चलेगी जो 11 बजकर 28 मिनट पर पानीपत पहुंच जाएगी। 11 बजकर 31 मिनट पर पानीपत से चलकर ट्रेन दोपहर एक बजकर 50 मिनट पर जींद जंक्शन पर पहुंचेगी। वहीं छह दिसंबर से जींद से सोनीपत के लिए सुबह साढ़े दस बजे जंक्शन से ट्रेन चलेगी। जो दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर सोनीपत पहुंचेगी। इसके बाद वापसी में सोनीपत से दोपहर एक बजकर 35 मिनट पर ट्रेन चलेगी जो दोपहर बाद चार बजे जींद जंक्शन पर पहुंचेगी।

पांच दिसंबर से चल रही हैं पैसेंजर ट्रेन

रेलवे स्टेशन अधीक्षक जयप्रकाश ने बताया कि जींद से सोनीपत के लिए ट्रेन छह दिसंबर को चलेगी। पैसेंजर ट्रेन चलने से यात्रियों को लाभ होगा। रेलवे द्वारा लगातार रेलगाडि़यों का परिचलन शुरू किया जा रहा है। इससे पहले पांच दिसंबर से जींद से कुरुक्षेत्र के लिए पैसेंजर ट्रेन चलाई जा रही है। जो सुबह आठ बजकर 25 मिनट पर जींद जंक्शन से रवाना होगी। इसके अलावा पांच दिसंबर को ही जींद से पानीपत होते हुए रोहतक के लिए ट्रेन चलेगी।

Tags:    

Similar News