कोरोना की वजह से ट्रेनें बंद होने से यात्री पहले ही थे परेशान, अब बस सेवा प्रभावित होने से बढ़ीं मुश्किलें
यात्रियों को मजबूरन अपने निजी वाहनों से अपने गतंव्य तक जाना पड़ रहा है। इस रूट पर अंबाला व कुरूक्षेत्र डिपो की बसें चलती है। वर्तमान समय में इस रूट पर केवल अंबाला डिपो की बस ही चल रही है। कुरुक्षेत्र डिपो की 3 बसें इस रूट से बंद हो जाने के बाद यात्रियों को परेशानी का सामना करने को मजबूर होना पड़ रहा है।;
हरिभूमि न्यूज : बराड़ा (अंबाला)
कोरोना काल के बाद से लोकल ट्रेने वैसे ही बंद है जिसके कारण अब यात्रियों को केवल बसों का ही सहारा है। तंदवाल-बराड़ा-शाहाबाद रूट पर रोडवेज की कई बसें बंद होने से दैनिक यात्रियों को भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को मजबूरन अपने निजी वाहनों से अपने गतंव्य तक जाना पड़ रहा है। इस रूट पर अंबाला व कुरूक्षेत्र डिपो की बसें चलती है। वर्तमान समय में इस रूट पर केवल अंबाला डिपो की बस ही चल रही है। कुरुक्षेत्र डिपो की 3 बसें इस रूट से बंद हो जाने के बाद यात्रियों को परेशानी का सामना करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
दैनिक यात्रियों सतीश कुमार, वजीर चंद, अंजू, दीपा, विपिन कुमार, ओमप्रकाश का कहना है कि यह बस सर्विस कोरोना काल के बाद से ही सही नहीं हुई है। कुरुक्षेत्र डिपो की बस कभी कभार आ जाती है तो कभी एक भी बस नहीं आती। अब तो आलम यह है कि कुरूक्षेत्र डिपो की बसें बंद हो जाने से उन्हें आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। बता दें कि इस रूट पर सज्ज्रमाजरी, दादूपूर, चहल माजरा, तंदवाल, तंदवाली, राऊमाजरा, सोहाता, डाडलु आदि गांव पड़ते हैं। जिनसे स्कूल, कॉलेज में पढऩे वाले छात्र-छात्राएं प्रतिदिन बराड़ा व शाहाबाद जाते है। इसके अलावा ट्रेनें बंद होने के कारण सरकारी व गैर सरकारी कर्मचारी भी अपनी ड्यूटी पर जाते है लेकिन पर्याप्त बसें न चलने से सभी को परेशानी उठानी पड़ रही है।
जिला कुरूक्षेत्र डिपो की 3 बसें पड़ी बंद
इस रूट पर चलने वाली जिला कुरुक्षेत्र डिपो की 3 बसें जोकि शाहाबाद से चलती है वह कोरोना काल के बाद से ही बंद पड़ी है। जिनका समय इस प्रकार हुआ करता था। पहली बस सुबह साढ़े 7 बजे शाहाबाद-बराड़ा वाया तंदवाल आती थी। यही बस बराड़ा से वापस शाहाबाद की ओर चलकर वापिसी में तंदवाल में 8 बजे सुबह पहुंचती थी। इसके बाद यमुनानगर डिपो की बस शाहाबाद-साढ़ौरा वाया तंदवाल होती हुई तंदवाल में 11 बजे पहुंचती थी जोकि कोरोना काल के बाद से ही बंद पड़ी है। इसी प्रकार से दोपहर दो बजे शाहाबाद से सढ़ौरा के लिए कुरुक्षेत्र डिपो की बस वाया तंदवाल के लिए चलती थी जोकि तंदवाल में 2:30 दोपहर बाद पहुंचती थी। इसके बाद शाहाबाद-बराड़ा वाया तंदवाल एक बस साढ़े 3 बजे गांव तंदवाल आती थी और यही बस बराड़ा से वापिस शाहाबाद 4 बजे तंदवाल पहुंचती थी। आखिरी बस जोकि शाहाबाद से बराड़ा के लिए चलती थी जोकि शाम 6 बजे गांव तंदवाल में पहुंचती थी लेकिन अब यह सब बसें बंद होने के कारण 7 टाइम बसों के बंद पड़े है। जिससे दैनिक यात्री परेशान है। इस रूट पर पडऩे वाले सभी गांवों की पंचायतें इस बारे में कई बार जीएम रोडवेज को भी लिखित में शिकायत दे चुकी है लेकिन समस्या का कोई हल नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने सुबे के परिवहन मंत्री से इस समस्या का हल किए जाने की गुहार लगाई है।
बसों की संख्या पहले की अपेक्षा कम होती जा रही है। कई बार बस खराब हो जाती है, तो कई बार कर्मचारी अवकाश पर होते है। ऐसे में कई ऐसे कारण होते है। जिससे बस नहीं जा पाती। हमारे पास पेहवा, साहा, लाड़वा, सढ़ौरा आदि रूट है। हमें सभी रूट चलाने होते है। जिस हिसाब से हमें बस उपलब्ध होती है। उसी हिसाब से हम उस बस को रूट पर भेजते है। पहले हमारे पास यमुनागर के डिपो के चार टाइम होते थे लेकिन बस न होने के बाद सभी बंद पड़े है। -रणधीर सिंह, अड्डा इंचार्ज, बस स्टैड़, शाहाबाद
यह मामला मेरे संज्ञान में आ चुका है। अभी फिलाहल स्कूल, कॉलेजों की छुट्टियां है। जब स्कूल, कॉलेज खुल जायेगें। हम तंदवाल-बराड़ा रूट पर बसें भेज देगें। -अशोक मुंजाल, जीएम रोडवेज, कुरुक्षेत्र