Weather Update : हरियाणा में भीषण गर्मी से लोग हुए बेहाल, अगले पांच दिन राहत मिलने का कोई आसार नहीं
प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर गर्मी अपने तीखे तेवरों से आगाज किए हुए है, जबकि प्रदेश के पश्चिमी दक्षिणी जिलों व पूर्वी दक्षिणी जिलों में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़ के अलावा नारनौल, सतनाली, अटेली, कनीना, नांगल चौधरी, में भीषण गर्मी के चलते लू के थपेड़े पड़ने के लिए आतुर है। इसके अलावा अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हो रही है।;
हरिभूमि न्यूज : नारनौल
उत्तर भारत के अधिकतर मैदानी राज्यों में विशेषकर राजस्थान, हरियाणा, एनसीआर दिल्ली में भीषण गर्मी व लू का प्रचण्ड तांडव जारी है। वर्तमान समय में अप्रैल महीने का पहला सप्ताह ही चल रहा है और गर्मी अपने तीखे तेवरों से शिखर पर पहुंच गई है। साथ ही सूर्य देव की तेज जलती तपती धूप ने आमजन का जीना बेहाल कर दिया है। राजकीय महाविद्यालय के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डा. चंद्रमोहन ने बताया कि जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग व ग्रीन हाउस इफेक्ट का प्रभाव वर्तमान परिप्रेक्ष्य में साफ देखा जा रहा है। जिसकी वजह से मौसम चक्र में परिवर्तन जारी है। मार्च व अप्रैल के महीने में भीषण व असामान्य तापमान में बढ़ोतरी इसके साक्षात उदाहरण है। जिसकी वजह से आधे से ज्यादा देश के इलाकों में भीषण गर्मी अपना जलवा दिखा रही है।
डा चन्द्रमोहन ने बताया कि हरियाणा, एनसीआर दिल्ली विशेषकर जिला महेंद्रगढ़ में अगले पांच दिन गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर गर्मी अपने तीखे तेवरों से आगाज किए हुए है, जबकि प्रदेश के पश्चिमी दक्षिणी जिलों व पूर्वी दक्षिणी जिलों में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़ के अलावा नारनौल, सतनाली, अटेली, कनीना, नांगल चौधरी, में भीषण गर्मी के चलते लू के थपेड़े पड़ने के लिए आतुर है। इसके अलावा अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। शुक्रवार को प्रदेश में पानीपत का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। साथ ही अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस से 24.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। यानी लगातार दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी जारी है। आज जिले में नारनौल व महेंद्रगढ़ का अधिकतम तापमान क्रमश: 43.2 डिग्री सेल्सियस व 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले में आमजन को आने वाले दिनों में आफत भरी भीषण व उष्ण उमस भरी पसीने वाली गर्मी से जूझना पड़ सकता है।
डा. चन्द्रमोहन ने बताया कि वर्तमान समय में कोई भी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं होने की वजह से सम्पूर्ण हरियाणा, एनसीआर दिल्ली में बारिश नदारद है। जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाका शुष्क बना हुआ है। इसके अलावा प्रति चक्रवातीय सर्कुलेशन की वजह से सम्पूर्ण इलाके में नमी भी नदारद है। सब कुछ सुखने के कगार पर है। इलाके में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाओं का आगाज जारी है। हालांकि 12 अप्रैल को एक कमजोर वैस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने की वजह से हवाओं में बदलाव होने से 12 अप्रैल से 14 अप्रैल तक सम्पूर्ण इलाके पर हल्के बादल छाए रहने की संभाावना है। जिससे तापमान में मामूली गिरावट आएगी।