पदोन्नति की परीक्षा में फेल हो गए हिसार मंडल के पुलिस कर्मचारी

हिसार मंडल के पुलिस कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए गुजवि में परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें पांच जिलों के 886 पुलिस कर्मियों ने परीक्षा दी जिनमें से केवल 77 पास हुए।;

Update: 2021-07-19 16:53 GMT

हरिभूमि न्यूज : हिसार

हिसार मंडल के पुलिस कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए गुजवि के कम्यूटर व इनफरमेटिक सेंटर में बी-1 परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा का परिणाम भी साथ ही जारी कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि ऑनलाइन परीक्षा में उत्तीर्ण कर्मचारियों की आउटडोर परीक्षा होनी अभी शेष है। मंडल के पांचों जिलों हिसार, हांसी, जींद, सिरसा तथा फतेहाबाद से 898 पुलिस कर्मचारी इस परीक्षा के लिए योग्य घोषित किए गए थे, जिनमें से 886 पुलिस कर्मचारियों ने फाइनल परीक्षा में भाग लिया। हिसार रेंज के आईजी राकेश कुमार आर्य ने परीक्षा के निष्पक्ष आयोजन के लिए स्वयं की देखरेख में कमेटी का गठन किया।

कमेटी में हांसी की पुलिस अधीक्षक निकिता गहलोत तथा तृतीय वाहिनी हिसार के कमांडेंट सुमित कुमार को सदस्य बनाया गया। आईजी राकेश कुमार आर्य ने हांसी की एसपी निकिता गहलोत के साथ परीक्षा केंद्र का दौरा किया। जिला पुलिस हिसार से 245 कर्मचारी परीक्षा में बैठे, हांसी से 151, जींद से 160, सिरसा से 173 तथा फतेहाबाद से 157 पुलिस कर्मचारियों ने परीक्षा दी। ऑनलाइन परीक्षा में केवल 77 पुलिस कर्मचारी उत्तीर्ण हुए हैं जिनमें 13 महिला पुलिस कर्मचारी हैं। परीक्षा में उत्तीर्ण कर्मचारियो में हिसार के 27, सिरसा के 19, जींद के 19, पुलिस जिला हांसी के 7 तथा फतेहाबाद के 5 कर्मचारी हैं।

बी-1 परीक्षा के लिए यह थी शर्त

पुलिस कर्मचारी का अच्छा सर्विस रिकॉर्ड सहित कम से कम पांच वर्ष का सेवाकाल जरूरी है। बी-1 में फाइनल सिलेक्शन उपरांत पुलिस कर्मचारियों को 6 माह के लिए पुलिस अकादमी मधुबन या अन्य पुलिस ट्रेनिंग सेंटरों मे कोर्स के लिए भेजा जाता है। ट्रेनिंग के दौरान उन्हें कानूनी पढ़ाई के साथ तथा समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी भूमिका, केसों का अनुसंधान, निष्पक्ष कार्यशैली के साथ मानवीय मूल्यों का पाठ पढ़ाया जाता है।

ऑनलाइन परीक्षा के बाद आउटडोर परीक्षा होगी

ऑनलाइन परीक्षा के बाद आउटडोर परीक्षा होगी। दोनों परीक्षाओं तथा सर्विस रिकार्ड के नम्बर सहित परिणाम पुलिस मुख्यालय पंचकूला भेजा जाएगा। जहां प्रदेशस्तरीय वरिष्ठता सूची में उत्तीर्ण होने वाले पुलिस कर्मियों का नाम दर्ज किया जाएगा। - राकेश कुमार आर्य, आईजी हिसार रेंज

यह रहा परिणाम

पात्र परीक्षार्थी 898

परीक्षा दी 886

अनुपस्थित 12

हिसार से परीक्षा दी 245 और पास हुए 27

जींद के पुलिस कर्मी 160 और पास हुए 19

हांसी से 151 और पास हुए 7

सिरसा से 173 और पास हुए 19

फतेहाबाद से 157 और पास हुए 5


Tags:    

Similar News