कोरोना वायरस के खिलाफ गांवों में दीवार बनेगी पुलिस, 5500 जवानों को अहम जिम्मेदारी
हर जवान अपने तरीके से ग्रामीणों को कोरोना के प्रति जागरूक करेगा। हर सप्ताह उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों की साप्ताहिक रिपोर्ट तैयार होगी। फिर उस जवान को सम्मानित किया जाएगा। आईजी भारती अरोड़ा की मानें तो इस मुहिम के बेहतर रिजल्ट सामने आएंगे।;
डॉ.अशोक अंटवाल : अंबाला
गांवों में कोरोना को रोकने के लिए अब पुलिस दीवार बनकर काम करेगी। अंबाला रेंज के तीन जिलों में इसके लिए एक प्लान तैयार किया गया है। आईजी भारती अरोड़ा ने खुद इस प्लान पर काम कर रही हैं। इस प्लान में रेंज के 5500 जवानों को अहम जिम्मेदारी दी गई है। हर जवान अपने तरीके से ग्रामीणों को कोरोना के प्रति जागरूक करेगा। हर सप्ताह उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों की साप्ताहिक रिपोर्ट तैयार होगी। फिर उस जवान को सम्मानित किया जाएगा। आईजी भारती अरोड़ा की मानें तो इस मुहिम के बेहतर रिजल्ट सामने आएंगे।
पुलिस की ओर से शुरू की गई इस मुहिम में थाना व चौकी प्रभारी से लेकर कांस्टेबल तक काम करेंगे। पुलिस के ज्यादातर जवानों का ताल्लुक गांवों से हैं इस वजह से ग्रामीण एरिया में यह मुहिम शुरू करने निर्णय लिया गया है। शहर के बाद अब गांवों में कोरोना वायरस तेजी से फैल रहा है। इसकी बड़ी वजह महामारी को गंभीरता से न लेना है। लक्षण होने के बावजूद लोग कोरोना का टेस्ट नहीं करवाते जिसके कारण एक व्यक्ति कई लोगों को संक्रमित कर देता है। इसी वजह से जाने अनजाने में कई लोग वायरस से मौत का शिकार हो रहे हैं।
तैयार किए गए प्लान के मुताबिक हर जवान या तो खुद जाकर गांव में लोगों को कोरोना के प्रति जागरुक करेगा। या फिर फोन के जरिए इसकी जानकारी दी जाएगी। हर जवान को इसकी पूरी रिपोर्ट देनी होगी। उसे यह बताना होगा उसने किस माध्यम से कितने लोगों को कोरोना के प्रति जागरुक किया। ग्रामीणों को वैक्सीन लगवाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। क्योंकि वैक्सीन को लेकर गांव के लोग कई भ्रांतियों का शिकार हो रहे हैं। इसी वजह से वे वैक्सीन लगवाने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। ज्यादा से ज्यादा संख्या में ग्रामीणों को वैक्सीन लगवाने के लिए जागरुक किया जाएगा।
तीनों जिलों के एसपी को जारी किए गए आदेश
आईजी भारती अरोड़ा की ओर से गांवों में कोरोना को रोकने के लिए तैयार किए गए प्लान के तहत अंबाला के साथ यमुनानगर व कुरुक्षेत्र के एसपी को आदेश जारी किए गए हैं। इन अधिकारियों को एक प्रोफोर्मा भी भेजा गया है। इसमें लोगों को जागरुक करने वाले जवान की पूरी डिटेल देनी होगी। उसमें यह भी बताना होगा कि उसने कितने लोगों को किस माध्यम से कोरोना के खिलाफ जागरुक किया। उसके प्रोत्साहन के बाद कितने लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इसकी पूरी जानकारी देनी होगी। सबसे बेहतर काम करने वाले थाना व चौकी प्रभारी के साथ कांस्टेबल को भी सम्मानित किया जाएगा।
प्लान बनाया गया
यह बिल्कुल सही है कि गांवों में कोरोना को रोकने के लिए पुलिस अच्छा काम कर रही है। इस काम को और बेहतर के लिए प्लान बनाया गया है। तीन जिलों के हर जवान को इसमें शामिल कर ग्रामीणों को कोरोना के खिलाफ जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई है। बेहतर काम करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। मुझे पूरी उम्मीद है कि इस मुहिम के बेहतर रिजल्ट आएंगे। - भारती अरोड़ा, आईजी, अंबाला रेंज