हरियाणा में ग्रुप सी की नौकरियों के सेवा नियमों में बदलाव की तैयारी
बताया जा रहा है कि ग्रुप सी और उसके बाद ग्रुप डी अर्थात चौथी श्रेणी की नियुक्तियों को लेकर प्रवेश परीक्षा ली जाएगी। इस कारण से सेवा नियमों में बदलाव की तैयारी है।;
चंडीगढ़। हरियाणा में एक बार फिर से तीसरी श्रेणी की सरकारी नौकरियों के सेवा नियमों में कुछ बदलाव करने की तैयारी है। सरकारी कर्मचारियों के सेवा नियमों को लेकर राज्य सरकार की ओर से बड़ा कदम उठाने और बदलाव के लिए तैयारी से पूर्व फीडबैक लिया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि नियमों में बदलाव सरकारी दफ्तरों की कार्य व्यवस्था सुधारने और गुणवत्ता की दिशा में कदम उठाया जाएगा। इस क्रम में सरकारी संस्थाओं बोर्ड नियमों से ग्रुप सी की भर्ती को लेकर पदों पर नियुक्ति और पदोन्नति आदि की जानकारी मांगी गई है। बताया जा रहा है कि ग्रुप सी और उसके बाद ग्रुप डी अर्थात चौथी श्रेणी की नियुक्तियों को लेकर प्रवेश परीक्षा ली जाएगी। इस कारण से सेवा नियमों में बदलाव की तैयारी है।
मानव संसाधन विभाग ने मांगी जानकारी
इस संबंध में मानव संसाधन विभाग ने प्रदेश के सभी प्रशासनिक सचिवाें, विभागाध्यक्षों, बोर्ड-निगमों के प्रबंध निदेशक, मंडलायुक्त, उपायुक्त और विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रार को निर्देश दिया है कि 15 अप्रैल तक ग्रुप सी के सेवा नियमों में मौजूद विस्तृत प्रविधान की जानकारी दें, यह जानकारी ऑनलाइन देनी होगी। इसके बाद प्रदेश सरकार ग्रुप सी के सभी पदों की सेवा शर्तों के प्रविधानों की समीक्षा करेगी, जिसके बाद इनमें जरूरी बदलाव किया जाएगा।