प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद सुनीता दुग्गल को सौंपी 'स्वस्थ बालक बालिका स्पर्धा' अभियान की जिम्मेदारी
अभियान के सफल आयोजन को लेकर केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय समिति का गठन किया है। इस समिति के लिए सांसद सुनीता दुग्गल को बतौर सदस्य नियुक्त किया गया है। हरियाणा से एकमात्र सांसद सुनीता दुग्गल को ही समिति में सदस्य के रूप में नियुक्ति मिली है।;
हरिभूमि न्यूज. फतेहाबाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद सुनीता दुग्गल की कार्य कुशलता व उनकी क्षमताओं पर विश्वास जताते हुए कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इसी कड़ी में अब सांसद को 'स्वस्थ बालक बालिका स्पर्धा' अभियान के लिए गठित कमेटी का सदस्य नियुक्त किया है और उन्हें पांच राज्यों दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर व मिजोरम राज्यों का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
केंद्र सरकार की ओर से स्वस्थ बालक स्पर्धा अभियान चलाया जाएगा, जोकि 8 से 15 जनवरी 2022 तक चलेगा। अभियान के सफल आयोजन को लेकर केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय समिति का गठन किया है। इस समिति के लिए सांसद सुनीता दुग्गल को बतौर सदस्य नियुक्त किया गया है। हरियाणा से एकमात्र सांसद सुनीता दुग्गल को ही समिति में सदस्य के रूप में नियुक्ति मिली है। स्वस्थ बालक स्पर्धा अभियान की राष्ट्रीय कमेटी के लिए अनिल जैन को कंवीनर और डॉ राजीव बिंदल को को-कंवीनर नियुक्त किया गया है तथा साथ ही समिति के सात मेंबर नियुक्त किए गए हैं।
सांसद सुनीता दुग्गल ने बताया कि स्वस्थ बालक स्पर्धा अभियान के तहत व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से पोषण में सुधार के लिए जन आंदोलन में बदलने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस मुहिम में सामुदायिक भागीदारी, स्वैच्छिक भागीदारी एवं अन्य एजेंसियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा ताकि सफल आयोजन किया जा सके। इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण संबंधी मुद्दों के साथ बड़े पैमाने पर समुदाय का भावनात्मक जुड़ाव पैदा किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में गुजरात के आणंद में प्री-वाइब्रेंट गुजरात समिट-2021 के सफल आयोजन के लिए सांसद सुनीता दुग्गल को आठ राज्यों जिसमें असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम राज्यों का प्रभारी का दायित्व सौंपा गया था।