घर में चल रहा था वेश्यावृत्ति का धंधा : मकान मालकिन, दो महिलाएं और एक व्यक्ति गिरफ्तार
जींद शहर थाना पुलिस ने पकड़े गए चारों लोगों के खिलाफ वेश्यावृत्ति निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी।;
हरिभूमि न्यूज. जींद
महिला थाना पुलिस ने भटनागर कालोनी में मकान पर छापेमारी कर वेश्यावृति का भंडाफोड़ किया है। बाहर से महिलाओं को बुलाकर मकान में वेश्यावृत्ति करवाई जाती थी। पुलिस ने मकान मालकिन समेत तीन महिलाओं तथा एक दलाल को काबू किया है। शहर थाना पुलिस ने पकड़े गए चारों लोगों के खिलाफ वेश्यावृत्ति निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरु कर दी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि भटनागर कालोनी निवासी महिला अपने घर में वेश्यावृत्ति का धंधा करवाती है। वेश्यावृत्ति में शामिल लड़कियों तथा महिलाओं को मकान में लाया जाता है। ग्राहकों के लिए बकायदा एक व्यक्ति दलाली भी करता है। जिसके आधार पर महिला थाना प्रभारी गीता के नेतृत्व में छापामार टीम का गठन किया गया। पुलिस कर्मी को सादे कपडों में फर्जी ग्राहक बनाकर महिला के मकान के पास भेजा गया। जहां पर एक व्यक्ति मिला, जो फर्जी ग्राहक को महिला के घर में ले गया। जहां पर दो अन्य और महिलाएं मौजूद थी। रेट तय होने के बाद इशारा मिलते ही पुलिस टीम मकान में घुस गई और मकान मालकिन के साथ साथ वेश्यावृत्ति के लिए बुलाई गई दो महिलाओं तथा दलाली कर रहे व्यक्ति को काबू कर लिया।
बताया जाता है कि यह महिला पिछले काफी समय से मकान में वेश्यावृत्ति का धंधा चलाए हुए थी। जिसके कारण आसपास के लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड रहा था। पकड़ी गई महिलाएं स्थानीय हैं। शहर थाना पुलिस ने पकड़ी गई मकान मालकिन, दो महिलाओं समेत चार लोगों के खिलाफ वेश्यावृत्ति निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। महिला थाना प्रभारी गीता देवी ने बताया कि महिला घर में सैक्स रेकट चलाए हुए थी। छापेमारी कर मकान मालकिन तथा वेश्यावृत्ति के लिए बुलाई गई दो अन्य महिलाओं तथा दलाली करने वाले व्यक्ति को काबू कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।