Mahendragarh जिले में आज से जनसंवाद कार्यक्रम : स्टेज को गाय के गोबर व मिट्टी के लेप से सजाया, मेहमान चखेंगे राबड़ी का स्वाद
इन सभी जगहों पर मुख्यमंत्री सहित तमाम मेहमानों के लिए स्टेज पर सोफे व कुर्सियों की बजाए परंपरागत मूढों की व्यवस्था की गई है। गर्मी के सीजन में दक्षिणी हरियाणा की सबसे फेवरेट डिश के रूप में जानी जाने वाली राबड़ी का स्वाद भी मेहमान चखेंगे।;
Mahendragarh-Narnaul News : मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जनसंवाद कार्यक्रम में परंपरागत व ग्रामीण परिवेश की झलक देखने को मिलेगी। खान-पान से लेकर सारी व्यवस्थाएं पूरी तरह पारंपरिक होंगी। ठेठ हरियाणवी अंदाज में मुख्यमंत्री का ग्रामीणों की ओर से पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया जाएगा। इन सभी जगहों पर मुख्यमंत्री सहित तमाम मेहमानों के लिए स्टेज पर सोफे व कुर्सियों की बजाए परंपरागत मूढों की व्यवस्था की गई है। गर्मी के सीजन में दक्षिणी हरियाणा की सबसे फेवरेट डिश के रूप में जानी जाने वाली राबड़ी का स्वाद भी मेहमान चखेंगे। कुछ जगह पर ग्रामीणों की ओर से स्टेज पर परंपरागत शैली में टेंट की बजाए छप्पर भी बनाए जा रहे हैं।
वहीं मुख्य स्टेज को गाय के गोबर तथा मिट्टी के लेप से सजाया गया है। पेयजल के लिए हर जगह पर पानी के मटके रखवाए जाएंगे। इसके अलावा संबंधित उस दिन जिन बच्चों का जन्मदिन है उनका जन्मदिन भी मुख्यमंत्री मौके पर स्टेज पर ही उन बच्चों के साथ मनाएंगे। इस संबंध में प्रशासन ने गांव के सरपंच व बीडीपीओ से सूची लेकर बच्चों को सूचित भी कर दिया है। उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रम के संबंध में चल रही तैयारियों का मौके पर जाकर जायजा लिया।
यह रहेगी मुख्यमंत्री का जिला में शेड्यूल
पहला दिन : 24 मई को सुबह 8:50 बजे राजेंद्रा पार्क हेलीपैड चंडीगढ़ से हेलीकॉप्टर में बैठकर रवाना होंगे। हेलीकॉप्टर सुबह 10:20 बजे गांव गोद में बनाए गए हेलीपेड पर उतरेगा। यहां गांव गोद में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्राइमरी हेल्थ सेंटर में जन संवाद करेंगे। वहां से दोपहर 12:05 से 12:25 बजे तक 20 मिनट गांव में कार्यकर्ता मुंशीराम के आवास पर चाय पीने पहुंचेंगे। फिर दोपहर 12:25 बजे सड़क मार्ग से चलकर गांव निजामपुर पहुंचेंगे। वहां व्यायामशाला ग्राउंड में दोपहर 1 से 2:30 बजे तक जनसंवाद के माध्यम से लोगों का दुखदर्द सुनेंगे। दोपहर 2:35 बजे से 3:15 बजे तक कार्यकर्ता मोहरसिंह के आवास पर लंच करेंगे। वहां से दोपहर 3:15 बजे रवाना होकर गांव मूसनौता पहुंचेंगे और दोपहर 3:30 बजे से शाम पांच बजे तक गांव के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में जन संवाद करेंगे। उसी गांव में कार्यकर्ता कृष्ण कुमार के घर जाकर चाय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और 20 मिनट रूकने के बाद नांगल चौधरी शहर में पहुंचेंगे। रात नांगल चौधरी में ही सोने का प्रबंध होगा।
दूसरा दिन : अगले दिन 25 मई को सुबह 9:40 बजे से रवाना होकर ढाणी बाठोठा में 10 बजे पहुंचेंगे। वहां डेढ़ घंटे ज्ञान केंद्र में लोगों से जन संवाद करेंगे। फिर गांव में ही नरेश कुमार सरपंच के आवास पर चाय कार्यक्रम में 20 मिनट ठहरेंगे। वहां से 11:55 बजे रवाना होंगे और गांव मंडलाना पहुंचेंगे। मंडलाना में दोपहर 12:30 बजे से दोपहर दो बजे तक ज्ञान केंद्र में जन संवाद करेंगे। इसी गांव में कृष्ण कुमार सरपंच के घर लंच करेंगे। वहां से दोपहर तीन बजे गांव सिहमा के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3:20 बजे से 4:50 बजे तक राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में जन संवाद करेंगे। फिर वहां से दौगड़ा अहीर पहुंचेंगे और शाम छह बजे तक मिटिंग लेने के बाद रात को उसी गांव में ठहराव करेंगे।
तीसरा दिन : 26 जून को दौंगड़ा अहीर से सुबह 9:50 बजे चलेंगे और 10 मिनट के सफर के बाद गांव नांगल सिरोही पहुंचेंगे। यहां पर सीएचसी परिसर में सुबह 10 से 11:30 बजे तक जन संवाद करेंगे। फिर 20 मिनट कार्यकर्ता दिनेश के आवास पर चाय कार्यक्रम में ठहरेंगे। इस गांव से चलकर गांव बवानियां पहुंचेंगे और दोपहर 12:20 बजे से 1:50 बजे तक खेल ग्राउंड में जन संवाद करेंगे। इसी गांव में कार्यकर्ता संजीव कुमार के आवास पर लंच करेंगे। लंच करने के बाद दोपहर 2:30 बजे वहां से रवाना होंगे और गांव सतनाली पहुंचकर वहां कम्यूनिटी सेंटर में दोपहर 3:10 बजे से 4:40 बजे तक जन संवाद करेंगे। फिर वहां पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा के आवास पर चाय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यहां से सीएम का काफिला सतनाली में बनाए गए हेलीपैड पर शाम 5:25 बजे पहुंचेगा और हेलीकॉप्टर में बैठकर सीएम सफरदरजंग एयरपोर्ट नई दिल्ली शाम छह बजे पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री दौरे के दौरान यूएवी के प्रयोग पर रहेगी रोक
जिलाधीश मोनिका गुप्ता ने एक आदेश पारित कर 24 से 26 मई तक मुख्यमंत्री मनोहर लाल के दौरे के दौरान तीन किलोमीटर के दायरे में किसी भी यूएवी के उड़ने पर धारा 144 लागू कर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। जिलाधीश ने आदेशों में स्पष्ट किया है कि 24 से 26 मई तक मुख्यमंत्री मनोहर लाल के दौरे के दौरान लैंडिंग व टेकऑफ के समय मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी जैसे ड्रोन, ग्लाइडर, रिमोट कंट्रोल एयरक्राफ्ट, फ्लाइंग कैमरा पर प्रतिबंध रहेगा। कृष्ण नगर, बलाहा कलां, गोद, निजामपुर, मुसनौता, नांगल चौधरी, ढाणी बाठोठा, मंडलाना, सिहमा, दौंगड़ा अहीर, नांगल सिरोही, बवानिया व सतनाली क्षेत्रों को अस्थाई रेड जोन घोषित किया है। यह आदेश ड्यूटी पर तैनात पुलिस व लोक सेवकों पर लागू नहीं होगा। विशेष रूप से भारत संघ की हरियाणा पुलिस, सेना या वायुसेना से संबंधित मानव रहित विमान प्रणालियों पर लागू नहीं होगा। पुलिस अधीक्षक आदेशों का पालना करवाएंगे। इन आदेशों के किसी भी उल्लंघन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के अनुसार सख्ती से निपटा जाएगा।