डेरा प्रमुख की फरलो खत्म : आज वापस सुनारियां जेल पहुंचेगा राम रहीम, सिरसा और गुरुग्राम समेत रोहतक में अलर्ट
सरकार ने फरवरी में राम रहीम की 21 दिन की पैरोल मंजूर की थी। इस दौरान सरकार ने रामरहीम की जान का खतरा बताते हुए उसे जेड प्लस की सुरक्षा मुहैया करवाई थी। फरलो के दौरान रामरहीम ज्यादातर समय अपने गुरुग्राम स्थित आश्रम में ही रहा।;
रोहतक। सिरसा डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की 21 दिन की पैरोल रविवार को खत्म हाे गई। उसकी जेल वापसी को देखते हुए पुलिस ने पुख्ता प्रबंध किए थे, लेकिन शाम तक राम रहीम जेल नहीं पहुंचा। अब सोमवार दोपहर को गुरमीत को सुनारियां जेल लाया जाएगा। इस दौरान तक सिरसा, गुरुग्राम समेत रोहतक में अलर्ट किया गया है। सरकार ने फरवरी में राम रहीम की 21 दिन की पैरोल मंजूर की थी। इस दौरान सरकार ने रामरहीम की जान का खतरा बताते हुए उसे जेड प्लस की सुरक्षा मुहैया करवाई थी। फरलो के दौरान रामरहीम ज्यादातर समय अपने गुरुग्राम स्थित आश्रम में ही रहा। इस दौरान शांतिपूर्ण ढंग से उनकी फरलो खत्म हो गई।
अब सोमवार को गुरुग्राम से रोहतक की सुनारियां जेल लाया जाएगा। राम रहीम को सीबीआई की विशेष कोर्ट ने 2 साध्वियों से यौन उत्पीड़न के मामले में 25 अगस्त 2017 को सजा सुनाई थी। पंचकूला में हिंसा के बाद राम रहीम को सुनारिया जेल में भेजा गया था। तभी से वह जेल में बंद है। इसके बाद उसे पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में भी सजा सुनाई गई थी।
कई बार मिल चुकी पैरोल
राम रहीम को अब तक कई बार पैरोल मिल चुकी है। पिछले साल 12 मई को डेरा प्रमुख को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल किया गया था। उस दौरान राम रहीम को 48 घंटे की पैरोल मिली थी। उसने गुरूग्राम में अपनी बीमार मां से मुलाकात की थी। इसके बाद 3 जून 2021 को जांच के लिए दोबारा पीजीआईएमएस लाया गया था। साथ ही 6 जून को इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता मेडिसिटी में भर्ती किया गया था।