रेप पीड़ित नाबालिग ने बच्चे को दिया जन्म, जानिए पूरा मामला
किशोरी पिछले काफी समय से आश्रम में रह रही है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग जच्चा व बच्चे की देखरेख कर रहा है।;
हरिभूमि न्यूज : जींद
जींद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तहत आने वाले एक आश्रम में रहने वाली दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग ने बच्चे को जन्म दिया है। बच्चे को नागरिक अस्पताल की नर्सरी में रखा गया है। किशोरी पिछले काफी समय से इस आश्रम में रह रही है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग जच्चा व बच्चे की देखरेख कर रहा है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तहत एक आश्रम में दुष्कर्म पीड़िता किशोरी काफी समय से आश्रम में रह रही है और गर्भ से भी थी।
बीती रात उसे लेबर पेन के चलते जिला मुख्यालय स्थित सामान्य अस्पताल में लाया गया जहां उसने बच्चे को जन्म दिया। बच्चे को नर्सरी में रखवाया गया है। फिलहाल वह उपचाराधीन है। हालांकि बच्चा सिजेरियन हुआ है और जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जिला महिला एवं बाल संरक्षण विभाग को सौंपा जाएगा। यहां से किशोरी को स्पेशलाइज्ड एडप्शन एजेंसी को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल किशोरी और बच्चा दोनों ही नागरिक अस्पताल में दाखिल हैं। सीडब्ल्यूसी के प्रधान नरेंद्र अत्री ने बताया कि किशोरी ने बुधवार रात को सिजेरियन से स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है। स्वास्थ्य लाभ होने पर किशोरी को स्पेशलाइज्ड एडप्शन एजेंसी को सौंपा जाएगा।