Murder in Rewari : रिटायर्ड फौजी ने गोली मारकर की भाभी-भतीजे की हत्या, देवरानी व उसका बेटा भी घायल
घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। रोहड़ाई थाना पुलिस ने एक्स सर्विसमैन अजय सिंह की शिकायत पर विक्रम सिंह व उसकी बेटी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।;
हरिभूमि न्यूज, रेवाड़ी।
दीपावली के दिन गांव हासावास में असम राइफल से रिटायर्ड जवान ने आपसी विवाद में लाइसेंसी पिस्तौल से अपनी विधवा भाभी व उसके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि बचाव के लिए आई मृतका की देवरानी व उसका बेटा भी गोली लगने से घायल हो गए। जिनमें से बेटे की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। रोहड़ाई थाना पुलिस ने एक्स सर्विसमैन अजय सिंह की शिकायत पर विक्रम सिंह व उसकी बेटी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अजय ने पुलिस को बताया कि वह मिल्ट्री से रिटायर्ड है तथा उसका भाई विजय छोटे भाई विक्रम के साथ एक ही मकान में रहते थे। पांच साल पहले हुई विजय की मौत के बाद असम राइफल से रिटायर्ड विक्रम अपनी विधवा भाभी पर गलत नजर रखता था। जिस कारण शराब के नशे में आए दिन उसकी विधवा भाभी व उनके बेटे के साथ लड़ाई झगड़ा व मारपीट करता था।
दीपावली के दिन शराब के नशे में विक्रम ने भाभी व भतीजे के साथ झगड़ा किया तो उसने झगड़ा करने से मना कर दिया। शाम करीब साढ़े पांच बजे मेरा बेटा अनुज दीपावली मनाने अपनी ताई के घर चला गया तथा मैं अपनी पत्नी रेनू के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान भाई विक्रम ने भाई व भतीजे शिवम के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब मैं अपनी पत्नी के साथ बीच बचाव करने पहुंचा तो भाई ने अपनी बेटी नितिका से अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर मंगवाकर हमें निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से भाभी संतोष व भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मेरी पत्नी व बेटा घायल हो गए। जिनमें से बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। शोर मचाने पर आरोपित आसपास के लोगों के पहुंचने पर मौके से फरार हो गया।