नेशनल गेम्स : तीरंदाजी में ऋषभ ने स्वर्ण पर लगाया निशाना, नेटबॉल में हरियाणा बना ओवरऑल चैंपियन

हरियाणा के खिलाड़ी कुश्ती के अलावा अन्य खेलों में जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी की बदौलत नेटबॉल खेल में हरियाणा ओवरऑल चैंपियन बना है। लड़कों व लड़कियों दोनों टीमों ने ही सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीते हैं।;

Update: 2022-10-05 13:43 GMT

हरियाणा के खिलाड़ी गुजरात में चल रहे 36वें नेशनल गेम्स में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं। आज तीरंदाजी में इंडिविजुअल कंपाउंड राउंड में हरियाणा के ऋषभ यादव ने स्वर्ण पदक जीत कर हरियाणा के खाते में एक और गोल्ड जोड़ दिया। अपने पारंपरिक खेल कुश्ती के अलावा अन्य खेलों में भी यहां के खिलाड़ी जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी की बदौलत नेटबॉल खेल में हरियाणा ओवरऑल चैंपियन बना है। लड़कों व लड़कियों दोनों टीमों ने ही सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीते हैं।


लड़कियों के नेटबॉल के अंतिम मैच में हरियाणा और पंजाब के मध्य कड़ा मुकाबला हुआ। दर्शक भी पूरे रोमांच के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे। हरियाणा की टीम ने पंजाब की टीम को 53-49 प्वाइंट के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक जीता।इसी प्रकार, लड़कों के नेटबॉल का अंतिम मैच हरियाणा और तेलंगाना के मध्य हुआ। यह मैच भी रोमांच से भरा रहा, जिसमें हरियाणा की टीम ने तेलंगाना को 75-73 से मात देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।


हॉकी में लड़कियों की टीम की जीत 

हरियाणा के बेटों के साथ-साथ बेटियां भी लगातार अपने खेल का जौहर दिखा रही हैं और पदक जीत रही हैं। हॉकी के पूल-ए के मैचों में हरियाणा की लड़कियों की टीम लगातार जीत रही है और उम्मीद है कि वे अंतिम मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा करेगी।पूल-ए के अपने पहले मुकाबले में हरियाणा ने गुजरात को 30-1 के भारी अंतर से हराया। हरियाणा ने पहले क्वार्टर में 4, दूसरे क्वार्टर में 8 और तीसरे व चौथे क्वार्टर में 9-9 स्कोर हासिल किए। जबकि गुजरात की टीम केवल तीसरे क्वार्टर में एक स्कोर ही कमा पाई। इसी प्रकार, उड़ीसा के साथ हुए एक अन्य मुकाबले में भी हरियाणा ने 4-0 से उड़ीसा को हराया। इसके अलावा, आज उत्तर प्रदेश के साथ हुए मैच में भी हरियाणा की लड़कियों की हॉकी टीम ने 5-1 के अंतर से उत्तर प्रदेश को मात देकर अपने विजय रथ को कायम रखा है।


हरियाणा के खाते में 25 स्वर्ण सहित कुल 66 पदक

नेशनल गेम्स में राज्य के खिलाड़ियों का पदक जीतने का सिलसिला लगातार जारी है। 5 अक्तूबर शाम 5 बजे तक हरियाणा के खाते में 25 स्वर्ण पदक, 22 रजत और 19 कांस्य पदक हैं। इन खेलों में हरियाणा के 600 से अधिक खिलाड़ी अपना हुनर दिखा रहे हैं। अभी तक हरियाणा के खिलाड़ियों ने तीरंदाजी में 1 स्वर्ण पदक, एथलेटिक्स में 3 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य पदक, साइकिलिंग में 2 स्वर्ण और 2 रजत पदक, फेंसिंग में 1 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक, कबड्डी में 2 कांस्य पदक, नेट बॉल में 2 स्वर्ण, रोइंग में 3 रजत और 1 कांस्य पदक, रग्बी में 1 स्वर्ण पदक, शूटिंग में 2 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक, टेबल टेनिस में 1 रजत पदक, टेनिस में 1 कांस्य पदक, वेटलिफ्टिंग में 1 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक, कुश्ती में 12 स्वर्ण, 7 रजत और 4 कांस्य पदक जीते हैं।

गौरतलब है कि नेशनल गेम्स 2022 का आयोजन गुजरात के छह शहरों - अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत, वडोदरा, राजकोट और भावनगर में किया जा रहा है। 28 भारतीय राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों और सर्विसेज (भारतीय सशस्त्र बल की टीम) के लगभग 7,000 एथलीट, 36 विभिन्न खेलों में पदक के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। इनमें पारंपरिक ओलंपिक खेलों के साथ-साथ भारत का स्वदेशी खेल जैसे मल्लखंब, खो-खो और कबड्डी भी शामिल हैं।

Tags:    

Similar News