डेढ़ साल बाद भारतीय जनता पार्टी में संतोष यादव को मिली संजीवनी बूटी
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी में संतोष यादव को प्रदेश उपाध्यक्ष पद मिला है। संतोष यादव वर्ष 2019 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान डिप्टी स्पीकर पद पर विराजमान थी, लेकिन पार्टी ने उनकी टिकट काटकर इसी पार्टी में ही उनके धुर विरोधी रहे सीताराम यादव को दे दी थी।;
हरिभूमि न्यूज : नारनौल
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी में जिले से दो प्रतिनिधियों को शामिल होने का मौका मिला है। इनमें हरियाणा विधानसभा की पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव एवं पूर्व प्रदेश सचिव मनीष मित्तल शामिल हैं। संतोष यादव को जहां प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्ष पद मिला है, वहीं मनीष मित्तल को पुन: प्रदेश सचिव बनाया गया है। संतोष यादव इससे पूर्व भी भाजपा में प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुकी हैं, जबकि मनीष मित्तल इससे पहले भी इसी पद पर विराजमान थे।
संतोष यादव वर्ष 2019 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान डिप्टी स्पीकर पद पर विराजमान थी, लेकिन पार्टी ने उनकी टिकट काटकर इसी पार्टी में ही उनके धुर विरोधी रहे सीताराम यादव को दे दी थी। टिकट कटने के बाद संतोष यादव के पार्टी छोड़कर अन्य दल से चुनाव लड़ने की अटकलें चली थी, लेकिन उन्होंने न तो पार्टी छोड़ी और न ही विधानसभा चुनाव लड़ा। अब करीब डेढ़ साल बाद पार्टी ने उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष पद नवाजा है।
यह नियुक्ति उनके लिए जरूर संजीवनी बूंटी की तरह काम करेगी और संभव है कि विधानसभा चुनाव के दौरान ही नेपथ्य में चली गई संतोष यादव अब पुन: ग्राउंड पर निकलकर पार्टी व संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए कार्य करती दिखाई दे। इसी प्रकार केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह से करीबी माने जाने वाले मनीष मित्तल पार्टी में अपनी पकड़ बनाए रखने में कामयाब रहे हैं और लगातार दूसरी बार प्रदेश सचिव बनाए गए हैं।