ट्रैक्टर ट्राली से टकराई स्कूल वैन, ड्राइवर की मौत, 7 अध्यापिकाएं घायल
इको वैन का ड्राइवर रोजाना अध्यापिकाओं को स्कूल छोड़ने व लेने जाता था। गुरुवार को शाहपुर के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।;
हरिभूमि न्यूज : अम्बाला
अम्बाला छावनी से केसरी व हलदरी के सरकारी स्कूलों की अध्यापिकाओं को लेकर आ रही इको वैन एक ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। हादसे में वैन के ड्राइवर अशोक छाबड़ा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 7 अध्यापिकाएं घायल हो गई। इनमे से तीन की हालत गम्भीर बनी हुई है। तीनों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार इको वैन का ड्राइवर रोजाना अध्यापिकाओं को स्कूल छोड़ने व लेने जाता था। गुरुवार को वैन में अध्यापिका मंजीत कौर, मीरा, सुषमा, पिंकी, ज्योति, पूनम व ममता सवार थी। शाहपुर के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में ड्राइवर अशोक छाबड़ा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अध्यापिकाएं घायल हो गई। इनमे से मीरा रानी,सुषमा व पिंकी की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें इलाज के लिए छावनी के सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज करके ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।