Breaking News : दहेज में क्रेटा गाड़ी मांगने वाला एसआई मां-बाप सहित गिरफ्तार

गिरफ्तार किए जाने के बाद पुलिस ने उनको अदालत में पेश किया, जहां से तीनों को जमानत मिल गई।;

Update: 2021-12-02 11:46 GMT

हरिभूमि न्यूज : महेंद्रगढ़

दहेज में क्रेटा गाड़ी व अन्य सामान मांगने वाले एसआई सोनू व उसके माता-पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए जाने के बाद पुलिस ने उनको अदालत में पेश कया। जहां से तीनों को जमानत मिल गई। पुलिस उनके घर पर बार-बार दबिश दे रही थी।

गाव धनौंदा के एसआई सोनू की शादी 22 नवंबर को गांव आकोदा में एक लड़की के साथ होना तय हुई थी। शादी तय हो जाने के बाद आकोदा से 20 नवंबर को वधु पक्ष के लोगों ने गांव धनौंदा में जाकर लगन भी दिया। लगन के दौरान उन्होंने एक आल्टो गाड़ी व अन्य सामान भी दान दहेज में दिया था। मगर इसके बाद आर्म्ड फोर्स में लगे एसआई की नियत खराब हो गई। एसआई के अलावा उसके परिजनों की भी नियत खराब हो गई। उन्होंने वधु पक्ष के लोगों पर दहेज कम देने पर तरह-तरह की बातें की। वर पक्ष के लोगों ने यह भी धमकी दे दी कि अगर उनकी मांग के अनुसार क्रेटा गाड़ी व अच्छा फर्नीचर नहीं मिला तो वे बारात लेकर नहीं आएंगे। 22 नवंबर को वधु पक्ष के लोगों ने शादी की पूरी तैयारी कर ली थी। हवाईयों ने भी खाने का सामान बना दिया था। टेंट भी लगा हुआ था तथा वधु पक्ष के लोग शाम के समय बारात का इंतजार कर रहे थे, मगर वर पक्ष के लोग बारात लेकर नहीं पहुंचे।

23 नवंबर को पंचायत हुई, दी शिकायत

इसके बाद 23 नवंबर को ग्रामीणों की एक पंचायत गांव में हुई। जिसमें बारात न लाने पर ग्रामीणों ने वर पक्ष पर कड़ा रोष जताया। वर पक्ष के लोग बारात नहीं लाए तो उन्होंने इसकी शिकायत आकोदा चौकी को दी। जिसमें उन्होंने वर पक्ष के लोगों पर अनेक आरोप लगाए। वर पक्ष के लोगों पर लगे आरोपों के बाद पुलिस ने 23 नवंबर को विभिन्न धाराओं के तहत वर पक्ष के सोनू व उनके माता-पिता के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।

24 नवंबर को हुई ऑडियो वायरल

इस बीच 24 नवंबर को दहेज मांगने के आरोपित सोनू व उसकी होने वाली दुल्हन के बीच तथा उसके होने वाले साले के बीच की आडियो वायरल हो गई। जो बहुत ही जल्दी सोशल मीडिया पर छा गई। जिसमें सोनू दहेज में आल्टो देने पर नाराज था तभा वह होने वाले साले व उसकी होने वाली दुल्हन से क्रेटा कार मांग रहा है। इस बारे में एएसपी सिद्धार्थ जैन ने बताया कि पुलिस ने आरोपित सोनू व उसके माता-पिता को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसके बाद पुलिस ने उनको अदालत में पेश किया। अदालत ने तीनों को जमानत दे दी।

आकोदा चौकी इंचार्ज ने नहीं उठाया सरकारी फोन

इस बारे में पूरी जानकारी मांगने के लिए आकोदा चौकी इंचार्ज के पास बार-बार फोन किया तो उन्होंने सरकारी नंबर को नहीं उठाया। बार-बार करने पर एक बार यह कहकर काट दिया कि वे अभी साहब के साथ हैं तथा व्यस्त हैं बाद में बात करेंगे।

Tags:    

Similar News