हरियाणा : कश्मीर में गोलीबारी में सिरसा का जवान शहीद, दो माह पहले ही हुई थी शादी

बेटे की शहादत की जानकारी शनिवार शाम को परिजनों को मिलते ही पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। जवान का परिवार गहरे सदमे में है।;

Update: 2022-04-17 08:06 GMT

हरियाणा के सिरसा जिले के गांव भावदीन का जवान निशान सिंह दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग में आतंकवादियों के साथ लोहा लेते समय गोली लगने से शहीद हो गया। जवान का पार्थिव शरीर रविवार देर शाम को उनके पैतृक गांव भावदीन में पहुंचेगा और अंतिम संस्कार होगा। बेटे की शहादत की जानकारी शनिवार शाम को परिजनों को मिलते ही पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। जवान का परिवार गहरे सदमे में है। करीब दो माह पहले ही निशान सिंह की शादी हुई थी।

करीब पांच वर्ष पहले भावदीन निवासी निशान सिंह (26) आर्मी में भर्ती हुए थे। निशान सिंह 19 राष्ट्रीय राइफल्स के जवान थे और दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग में तैनात थे। अनंतनाग जिले के कोकरनाग इलाके के वाटनार गांव में शनिवार देर शाम को आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने गांव की घेराबंदी कर दी थी। इसके बाद आतंकवादियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान गोली लगने से निशान सिंह शहीद हो गए। देर शाम को सेना की ओर से मामले की सूचना परिवार को दी गई तो परिवार में मातम का माहौल छा गया। उनके परिवार में माता, पिता, छोटा भाई और तीन बहने हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। 

Tags:    

Similar News