कलयुगी औलाद : बेटे ने पिता के साथ क्रूरता की हदें की पार, कीड़े पड़ने पर बुजुर्ग को कटवानी पड़ी टांग

कृष्ण लाल ने पुलिस को बताया कि उसका लड़का अनुराग उसे बेरहमी से प्रताड़ित करता है और मारपीट करता है।इलाज न करवाने के कारण उसके पांव में कीड़े पड़ गए, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।;

Update: 2021-10-07 12:07 GMT

हरिभूमि न्यूज. जींद

जींद में बेटे ने क्रूरता की सभी हदें पार कर अपने पिता पर इतने जुल्म ढहाए कि बुजुर्ग को अपनी टांग गंवानी पड़ी। शहर थाना पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत पर उसके बेटे के खिलाफ मारपीट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

झांझ गेट निवासी कृष्ण लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे एक बेटा अनुुराग तथा एक बेटी है। बेटी की शादी हो चुकी है। उसका लड़का अनुराग उसे बेरहमी से प्रताड़ित करता है और मारपीट करता है। लगभग दो माह पहले बेटे ने उसके दाहिने पैर पर चोटें मारी थी। लोकलाज की शर्म से उसने घटना के बारे में किसी को नहीं बताया और न ही उसका इलाज करवाया।  अनुराग उसे अक्सर उसी स्थान पर चोट मारता जहां उसके पांव में चोट लगी हुई थी।

नौबत यहां तक जा पहुंची कि इलाज न होने के कारण उसके पांव में कीड़े पड़ गए। गत दो अक्टूबर को फिर से उसके बेटे ने उसके घाव पर चोटें मारी। जिसके बारे में उसने अपने बड़े भाई अशोक को अवगत करवाया तो उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां चिकित्सकों ने उसका पांव काट दिया। अब उसका बेटा उसे घर में घुसने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा है। शहर थाना पुलिस ने कृष्ण की शिकायत पर अनुराग के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News