डीसीआरयूएसटी में हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय होंगे मुख्यातिथि

राज्य स्तरीय हरियाणा दिवस समारोह को हरियाणवी सांस्कृतिक कार्यक्रमों को समर्पित किया गया है। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के सांस्कृतिक कलाकारों द्वारा हरियाणवीं संस्कृति की छटा को बिखेरा जाएगा।;

Update: 2022-10-31 06:08 GMT

हरिभूमि न्यूज. सोनीपत

आजादी का अमृत महोत्सव की श्रंखला में हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद् के तत्वाधान में 01 नवंबर को हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल (DCRUST) के सभागार में बाल दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। इसके अलावा सांसद रमेश कौशिक कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

जिला उपायुक्त ने बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राई विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री मोहनलाल बड़ौली तथा गन्नौर विधायक निर्मल चौधरी बतौर विशिष्ठ अतिथि के अलावा हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद् की महासचिव रंजीता मेहता भी मौजूद रहेंगी। जिला बाल कल्याण अधिकारी नीलम मलिक ने बताया कि राज्य स्तरीय हरियाणा दिवस समारोह को हरियाणवी सांस्कृतिक कार्यक्रमों को समर्पित किया गया है। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के सांस्कृतिक कलाकारों द्वारा हरियाणवीं संस्कृति की छटा को बिखेरा जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हिस्सा लेने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया।

वहीं मुरथल स्थित ताऊ देवीलाल राजकीय महिला महाविद्यालय मेंं 31 अक्तूबर को हरियाणा दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ सुबह 10:00 बजे मुख्य अतिथि के रूप में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग हरियाणा की आयुक्त एवं हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सचिव मोनिका मलिक करेंगी। यह जानकारी महाविद्यालय की प्राचार्या डा. संगीता सपरा ने दी।

समारोह की संयोजिका राष्ट्रपति अवार्डी डा. ज्योति राज ने इस संदर्भ में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि राई हलका विधायक मोहनलाल बड़ौली का विशेष सान्निध्य रहेगा। संयोजिका डा. ज्योति राज ने बताया कि हरियाणा दिवस समारोह को हरियाणवी सांस्कृतिक कार्यक्रमों को समर्पित किया गया है। समारोह में हरियाणवी चुटकुले, हरियाणवी गीत, हरियाणवी भाषा में ऊंची आवाज में किसी को बुलाना, हरियाणवी वेशभूषा में अपनी पसंद के हरियाणवी गीत, हरियाणवी मुहावरे व लोकोक्तियां और म्हारा हरियाणा विषय के तहत भाषण प्रस्तुतियां दी जाएगी।

Tags:    

Similar News