अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन के सामने सफाई कर्मचारी को दिया धक्का
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। अब राजकीय रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है। नागरिक अस्पताल से उपचार के बाद उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है। यहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।;
हरिभूमि न्यूज. अंबाला
अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर मानसिक रूप से बीमार युवक ने सफाई कर्मचारी को चलती ट्रेन के सामने धक्का दे दिया। ट्रेन के नीचे आने से चंद्रपुरी के रहने वाले सफाई कर्मचारी महेंद्र की एक बाजू कट गई। इस दौरान उसे गंभीर चोटें भी लगी हैं। नागरिक अस्पताल से उपचार के बाद उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है। यहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। अब राजकीय रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में यह साफ नजर आ रहा है कि सफाई कर्मी प्लेटफॉर्म पर चल रहा है। तभी युवक उसे चलती ट्रेन (जम्मू मेल) के आगे धक्का दे दिया। इससे वह सीधे ट्रैक पर जाकर गिर गया। तब ट्रेन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। यह हादसा सोमवार रात साढ़े 12 बजे प्लेटफार्म नंबर-1 का बताया जा रहा है। इस घटना की वजह से पूरे स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। अभी तक की जांच में यह पता चला है कि जिस युवक ने सफाई कर्मचारी को धक्का दिया वह मानसिक रूप से बीमार है। छावनी के ही तोपखाना में उसकी रिहायश बताई जा रही है।
सुपरवाइजर विनीत ने बताया कि ऑफिस से निकलकर महेंद्र प्लेटफार्म नंबर –1 पर ड्यूटी पर जा रहा था। इसी बीच प्लेटफार्म पर खड़े मानसिक रूप से बीमार एक युवक ने महेंद्र को धक्का दे दिया।ट्रेन की कुछ बोगियां महेंद्र की बाजू से निकल चुकी थीं। महेंद्र को तुरंत कैंट सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, फिर उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। अभी महेंद्र का पीजीआई में उपचार चल रहा है। अनफिट होने के चलते उसके बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। इसके बाद राजकीय रेलवे पुलिस मामले में जरूरी कार्रवाई करने की बात कह रही है।