गुजरात के 60 किसानों का दल पहुंचा गुरुकुल कुरुक्षेत्र, प्राकृतिक खेती की बारिकियों को समझा

इस दल में आए किसानों का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक खेती की प्रमाणिकता और फसलों में अच्छे उत्पादन को देखना-परखना था जो यहां आकर पूरा हुआ।;

Update: 2023-01-03 07:09 GMT

हरिभूमि न्यूज. कुरुक्षेत्र। गुजरात के गांधीनगर से 60 किसानों का एक दल गुरुकुल कुरुक्षेत्र के प्राकृतिक कृषि फार्म का दौरा करने के लिए पहुंचा। इस दल में आए किसानों का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक खेती की प्रमाणिकता और फसलों में अच्छे उत्पादन को देखना-परखना था जो यहां आकर पूरा हुआ।

किसानों के इस दल को गुरुकुल के व्यवस्थापक रामनिवास आर्य ने स्वयं न केवल फार्म का दौरा करवाया बल्कि प्राकृतिक खेती के वैज्ञानिक पक्ष को डॉ. दिनेश शर्मा ने बड़ी सरलता से किसानों को समझाया। किसानों के दल में सहदेव सिंह चावड़ा, जसपाल सिंह, हरसिल सिंह राजपूत आदि शामिल रहे।

रामनिवास आर्य ने बताया कि महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत वर्तमान में प्राकृतिक खेती के सबसे बड़े प्रचारक के रूप में गुरुकुल कुरुक्षेत्र के फार्म को एक मॉडल के तौर पर प्रस्तुत करते हैं जिससे देश-दुनिया में गुरुकुल कुरुक्षेत्र का यह फार्म अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। देश के कोने-कोने से किसान यहां आकर प्राकृतिक खेती को अपनी आंखों से होता देखते हैं जिससे उनके अन्दर प्राकृतिक खेती करने का उत्साह पैदा होता है। गुरुकुल फार्म पर आकर किसानों के मन में प्राकृतिक खेती को लेकर सारी भ्रांतियां दूर हो जाती है और उन्हें यह समझ आ जाता है कि प्राकृतिक खेती ही उन्हें आर्थिक और शारीरिक रूप से सम्पन्न बना सकती है। गुजरात से आए किसानों ने भी यहां पर गन्ना, गेहूं-चना, सरसों-मसूर सहित हरी सब्जियों की फसलों का अवलोकन किया।

किसानों का कहना है कि महामहिम राज्यपाल गुरुकुल के फार्म के बारे में मंचों से जितना बताते हैं, यहां पर उससे भी अधिक काम हो रहा है। इन सभी किसानों ने आचार्य देवव्रत के प्राकृतिक खेती मिशन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

Tags:    

Similar News