अमावस्या पर यमुना स्नान करने आई किशोरी की डूबने से मौत
रोहतक के गिझी गांव के रहने वाले कृष्ण कुमार सोमवती अमावस्या पर परिवार के साथ यमुना घाट पर स्नान करने आए थे। इस दौरान उनकी बेटी एकता (17) यमुना में डूब गई।;
हरिभूमि न्यूज़ : सोनीपत
सोमवती अमावस्या पर परिवार संग यमुना स्नान करने आई किशोरी की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर प्रशासनिक टीम ने गोताखोरों की मदद से करीब एक घंटे बाद उसका शव बरामद किया।
पुलिस के अनुसार रोहतक के गिझी गांव के रहने वाले कृष्ण कुमार दिल्ली परिवहन विभाग में बस चालक हैं। वह सोमवार को सोमवती अमावस्या पर परिवार के साथ यमुना घाट पर स्नान करने आए थे। वह एक ओर स्नान कर रहे थे, जबकि उनकी बेटी एकता (17) थोड़ी दूरी पर महिलाओं के साथ स्नान कर रही थी। इसी दौरान वह यमुना में डूब गई। परिवार की महिलाओं ने शोर मचाया तो पुरुषों ने उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं लग सका। यमुना घाट पर ही प्रशासन के गोताखोरों की टीम भी नाव के साथ तैनात थी। प्रशासन के गोताखोर भी उसकी तलाश में लग गए। करीब एक घटे बाद उसको डूबने वाले स्थान से 200 मीटर दूर निकाला गया। उसको तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया।