आंदोलन में आए किसान ने पहले खाया जहर, फिर KMP से जीटी रोड पर कूदकर दी जान

कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे प्रदर्शन में भाग लेने गोहाना क्षेत्र के गांव नयात का किसान धर्मपाल आया हुआ था। लोगों ने बताया कि वह कई महीने से प्रदर्शन स्थल पर ही रह रहा था। वह किसान यूनियन का सक्रिय सदस्य था।;

Update: 2021-12-08 13:46 GMT

हरिभूमि न्यूज. सोनीपत

राई थाना क्षेत्र में कृषि कानूनों के विरोध मेें चल रहे प्रदर्शन में शामिल एक किसान ने बुधवार दोपहर केजीपी पुल से नीचे जीटी रोड पर कूदकर आत्महत्या कर ली। उसके विषपान करने की भी आशंका व्यक्त की जा रही है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवाया। जहां शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे प्रदर्शन में भाग लेने गोहाना क्षेत्र के गांव नयात का किसान धर्मपाल आया हुआ था। लोगों ने बताया कि वह कई महीने से प्रदर्शन स्थल पर ही रह रहा था। वह किसान यूनियन का सक्रिय सदस्य था। बुधवार दोपहर में वह केएमपी पुल पर जीरो प्वाइंट के पास बैठा हुआ था। उसके साथ में कई अन्य किसान भी थे। वह उनसे दूर जाकर काफी देर तक बैठा रहा। उसके बाद किसान धर्मपाल ने एकाएक पुल से नीचे जीटी रोड पर छलांग लगा दी। करीब 30 फिट नीचे सड़क पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां पर ड्यूटी कर रहा होमगार्ड रवि गौतम अपने साथी के साथ उसको तत्काल लेकर सिविल हास्पिटल पहुंचे।

इमरजेंसी ने चिकित्सकों ने उसका परीक्षण करने आशंका जताई कि कूदने से पहले उसने विषाक्त पदार्थ का सेवन भी किया है। उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। किसान धर्मपाल के पुत्र विनोद कुमार ने पुलिस को उसके केजीपी से कूदकर जीवनलीला समाप्त करने की लिखित सूचना दी। पुलिस ने उसके आधार पर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। उसके सिर व सीने सहित शरीर के कई अंगों पर गंभीर रूप से चौट लगी हुई है। वहीं विषाक्त पदार्थ का सेवन करने की आशंका के चलते उसका विसरा जांच को भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News