हरियाणा की इस जेल में बनेगा पहला Petrol और CNG पंप
इस पेट्रोल और सीएनजी पंप को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की तरफ बनाया जाएगा। इस परियोजना पर आईओसी की तरफ से करीब 3 करोड़ रुपए का बजट खर्च किया जाएगा।;
हरिभूमि न्यूज. कुरुक्षेत्र
हरियाणा की जेलों का पहला पेट्रोल और सीएनजी पंप कुरुक्षेत्र जेल (Kurukshetra Jail) में लगने जा रहा है। इस पेट्रोल और सीएनजी पंप को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (Indian Oil Corporation) की तरफ बनाया जाएगा। इस परियोजना पर आईओसी की तरफ से करीब 3 करोड़ रुपए का बजट खर्च किया जाएगा। इस पंप के लिए आईओसी कुरुक्षेत्र जेल प्रशासन को 51 हजार रुपये मासिक किराया भी देगा। अहम पहलू यह है कि इस पंप की आय को जेल के बंदियों के कल्याण और पुनर्वास पर खर्च किया जाएगा।
कुरुक्षेत्र जेल अधीक्षक सोमनाथ जगत ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जिला कारागार कुरुक्षेत्र में आईओसी द्वारा पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इस प्रोजेक्ट की शुरुआत वर्ष 2017 में कुरुक्षेत्र कार्यकाल के दौरान उन्होंने ही शुरु की थी। अब दोबारा 13 अक्टूबर 2021 को जेल का कार्यभार संभालने के बाद इस परियोजना पर तेजी से काम शुरु किया गया। इस कुरुक्षेत्र जेल में तेलंगाना, पंजाब, मध्य प्रदेश और महाराष्टÑ राज्यों की तर्ज पर पायलट प्रोजेक्ट के रुप में इसकी शुरुआत की गई थी। इस प्रोजैक्ट का प्रस्ताव तत्कालीन जेल महानिदेशक द्वारा आईओसी पानीपत मंडल कार्यालय में राज्य सरकार का अनुमोदन करवाने के बाद भेजा गया था। तब सरकार से अनुमोदन, जमीन से संबंधित कागजात और विभिन्न विभागों से एनओसी लेने के कारण परियोजना को शुरु करने में कुछ देरी हुई। अब इस प्रस्ताव पर सरकार और आईओसी ने अपनी मोहर लगा दी है। इस अनुमति के बाद पेट्रोल पंप लगाने का कार्य शुरु कर दिया गया है।
आईओसी की तरफ से खर्च किए जाएंगे करीब 3 करोड़ रुपये
कुरुक्षेत्र जेल अधीक्षक सोमनाथ जगत ने कहा कि इस पेट्रोल पंप के निर्माण पर आईओसी पानीपत मंडल कार्यालय की तरफ से करीब 3 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस पेट्रोल पंप के स्थापित होने के बाद आईओसी द्वारा जेल प्रशासन को 51 हजार रुपये मासिक किराया भी दिया जाएगा। इस पंप पर पेट्रोल और डीजल की बिक्री से होने वाले लाभ और मासिक किराए को बंदियों के कल्याण और पूनर्वास जैसे जेल में लाईब्रेरी, खेलों के समान, अच्छी गुणवता के खाने सहित अन्य कार्य शामिल होंगे, पर खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेल में बंद बंदियों को इस कार्य के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि बंदियों द्वारा पंप का संचालन बेहतर तरीके से किया जा सके। इन बंदियों का जेल से रिहाई उपरांत, उनके समाज में पुन: स्थापित होने में यह परियोजना सहायक सिद्ध होगी।
पेट्रोल और सीएनजी पंप से शहरवासियों को भी होगा फायदा
जेल अधीक्षक ने कहा कि हरियाणा के आसपास के 4 राज्यों में यह पहला पेट्रोल पंप होगा जो कि बंदियों के पुनर्वास हेतू काफी उपयोगी सिद्ध होगा। हरियाणा राज्य की 19 जेलों में सबसे पहला पंप राज्य सरकार के पायलट प्रोजेक्ट जिला कारागार कुरुक्षेत्र में स्थापित किया जा रहा है। इस जिले के अंदर पहला पेट्रोल पंप होगा जहां सीएनजी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस कारागार पर पेट्रोल पंप की सफलता के बाद हरियाणा राज्यों की अन्य जेलों में भी पायलट प्रोजेक्ट के तहत पेट्रोल पंप स्थापित करने के लिए मुख्यालय स्तर पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस पंप पर दो मशीने पेट्रोल, 2 मशीने डीजल और 1 मशीन सीएनजी की होगी। इस पेट्रोल और सीएनजी पंप से शहरवासियों को भी फायदा होगा।
पेट्रोल पंप पर होगा छोटा जरनल स्टोर भी
जेल अधीक्षक सोमनाथ जगत ने कहा कि आईओसी के इस पेट्रोल पंप कंपनी के नोर्मज के अनुसार एक छोटा जरनल स्टोर भी स्थापित किया जाएगा। इस जरनल स्टोर पर कान्फेक्शरी के साथ-साथ अन्य समान भी उपलब्ध होगा। इस जरनल स्टोर से आसपास के लोगों को भी फायदा होगा।