देवेन्द्र बबली के मंत्री बनने से समर्थकों में खुशी का माहौल, टोहाना में स्वागत की तैयारियां शुरू
देवेन्द्र बबली के चण्डीगढ़ से टोहाना लौटने पर उनके समर्थकों द्वारा उनका जोरदार स्वागत करने की तैयारियां की जा रही है।;
फतेहाबाद : टोहाना से जननायक जनता पार्टी के विधायक देवेन्द्र बबली के मंत्री बनने पर उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। विधायक देवेन्द्र बबली परिवार सहित चण्डीगढ़ में है। चण्डीगढ़ से टोहाना लौटने पर उनके समर्थकों द्वारा उनका जोरदार स्वागत करने की तैयारियां की जा रही हैं।
देवेन्द्र बबली पहली बार विधायक बने है। राजनीति में आने से पूर्व देवेन्द्र बबली टोहाना क्षेत्र में सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहे। सामाजिक संस्था जागो दिशा सही-सोच नई के माध्यम से जनता की सेवा में जुटे रहे। जरूरतमंदों की सहायता को लेकर वे हमेशा तत्पर नजर आए। गांवों में मेडिकल कैम्प लगाना, जरूरतमंद कन्याओं की शादी में सहयोग, गरीबों के उपचार में आर्थिक सहायता सहित अनेक कार्यों में देवेन्द्र बबली जनता के बीच रहे। यही कारण था कि टोहाना क्षेत्र के गांवों में उनकी अच्छी पकड़ हो गई। इसके बाद बबली ने अपनी राजनीतिक पारी शुरू की और तत्कालीन कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर से मिलकर कांग्रेस में शामिल हुए।
वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव वे टोहाना से कांग्रेस टिकट के प्रबल दावेदार थे और अशोक तंवर ने भी उन्हें टिकट दिलवाने को लेकर पूरा जोर लगाया लेकिन कांग्रेस ने टोहाना से पूर्व मंत्री परमवीर सिंह को मैदान में उतार दिया। कांग्रेस टिकट न मिलने पर देवेन्द्र बबली ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की भी घोषणा कर दी थी लेकिन देवेन्द्र बबली की बढ़ती लोकप्रियता के चलते जजपा ने उन्हें पार्टी में शामिल कर टोहाना से उम्मीदवार घोषित कर दिया।
2019 में हुए कड़े मुकाबले ने देवेन्द्र बबली ने टोहाना से मैदान में उतरे तत्कालीन भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला को करारी शिकस्त दी। इस चुनावों में देेवेन्द्र बबली को रिकार्ड 1 लाख 730 वोट मिले। 2019 से पूर्व 2014 का चुनाव भी देवेन्द्र बबली ने निर्दलीय लड़ा था और 38 हजार 282 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे थे। 2019 के चुनावों में जीत के बाद से ही उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने के क्यास लगाए जा रहे थे। खुद विधायक भी कई मंचों पर मंत्री पद पाने की इच्छा जाहिर कर चुके थे। आखिरकार नए साल से चंद दिन पहले किए जा रहे मंत्रीमंडल विस्तार में उनकी यह इच्छा भी पूरी हो चुकी है।
विधायक देवेन्द्र बबली टोहाना के गांव बिढ़ाईखेड़ा के रहने वाले हैं। ट्रांसपोर्ट के बिजनेस में देवेेन्द्र बबली का नाम जिले के प्रमुख उद्योगपतियों में शामिल है। देवेन्द्र बबली स्वतंत्रता सेनानी परिवार से सम्बंध रखते हैं। उनके दादा कैप्टन उमरव सिंह नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के साथी रहे हैं। आजाद हिंद फौज में उन्होंने नेताजी के साथ मिलकर काम किया था।