कोरोना ने लगाया ग्रहण : इस बार भी अक्षय तृतीया पर नहीं होगी सोने की खरीदारी
इस साल 14 मई को अक्षय तृतीया (Akshaya Tritiya) है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन सोना खरीदना या घर लाना शुभ होता है। यही कारण है कि इस दिन लोग सोने की खरीदारी करते हैं। लेकिन हरियाणा में लॉकडाउन होने के कारण इस बार सोने की खरीदारी नहीं कर सकेंगे।;
हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़
अक्षय तृतीया को भगवान विष्णु अक्षय वरदान देते हैं। प्रभु से श्रद्धा-भाव से जो भी मांगेंगे वो मनोकामना पूर्ण होती है। अक्षय तृतीया पर्व वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को पड़ती है। इस बार यह पर्व 14 मई को पड़ रहा है। ऐसी मान्यता है कि अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदना या घर लाना शुभ होता है। यही कारण है कि इस दिन लोग सोने की खरीदारी करते हैं। लेकिन हरियाणा में लॉकडाउन होने के कारण इस बार सोने की खरीदारी नहीं कर सकेंगे।
पंडित महेंद्र शर्मा के अनुसार इस साल 14 मई को अक्षय तृतीया है। इस दिन सूर्य भगवान मेष राशि से वृषभ राशि में प्रवेश करेंगे। सूर्य की राशि परिवर्तन होने के कारण वृषभ राशि में सूर्य व बुध के संयोग से बुधादित्य योग बनेगा। इसके साथ शुक्र ग्रह भी अपनी स्वराशि वृषभ में रहेगा और चंद्रमा उच्च राशि में रहेगा। शुक्रवार को चंद्रमा का शुक्र ग्रह के साथ वृष राशि में गोचर करना शुभ माना जाता है। इस दिन चंद्रमा शाम के समय में मिथुन राशि में प्रवेश करेंगे। है। इससे धन योग का संयोग है। इस दिन किया जाने वाला दान सर्वश्रेष्ठ व अक्षय होता है। इस तिथि को पापों का नाश करने वाला व सुख प्रदान करने वाला माना जाता है। इस बार अक्षय तृतीया के दिन ग्रहों का विशेष संयोग होने के कारण इसे सोने पर सुहागा कहा जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने अक्षय तृतीया के पर्व और सर्राफा कारोबार पर ग्रहण लगा दिया है। पिछले साल भी व्यापारियों को लॉकडाउन के चलते नुकसान हुआ था। इस बार भी व्यापारी हाथ पर हाथ रखे बैठे हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार अक्षय तृतीया पर सोने की खरीदारी शुभ रहती है। इसी मान्यता के चलते लोग सोने के आभूषणों की खरीदारी करते हैं। कई लोग सोने की बुकिंग भी कराते हैं, लेकिन पिछले दो साल से अक्षय तृतीया पर्व पर सर्राफा कारोबार नुकसान झेल रहा है। स्वर्णकार जयभगवान सोनी के अनुसार बाजार बंद है और कोरोना के कारण लोग अपने घरों में है। पिछले साल की तरह इस बार भी कारोबार पूरी तरह से प्रभावित है।